राजगामी संपदा न्यास की बैठक में बड़े फैसले: 40 से ज्यादा दुकानों का कॉम्प्लेक्स, मंदिरों का जीर्णोद्धार और रानी सागर में लगेगी प्रतिमा

addtext 09 16 10.23.04

राजनांदगांव -राजगामी संपदा न्यास की महत्वपूर्ण बैठक में न्यास की संपत्तियों, मंदिरों, किराया वसूली और लंबे समय से लंबित ऑडिट को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा साहू एवं उपाध्यक्ष मनोज निर्वाणी ने की। रानी सूर्यमुखी देवी के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ बैठक की शुरुआत हुई।

बैठक में नवनियुक्त सीईओ मारकंडे का स्वागत किया गया। इस दौरान न्यास की संपत्तियों के बेहतर प्रबंधन और आय के स्रोत बढ़ाने को लेकर भी प्रस्तावों पर चर्चा हुई।

कमला कॉलेज के सामने बनेगा नया कॉम्प्लेक्स

बैठक में कमला कॉलेज परिसर के सामने राजगामी संपदा की जमीन पर 40 से अधिक दुकानों वाला नया कॉम्प्लेक्स बनाने का निर्णय लिया गया। इससे न्यास की संपत्ति के उपयोग और संभावित आय को लेकर नई व्यवस्था की बात सामने आई है।

मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए स्थल निरीक्षण

न्यास से जुड़े मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए स्थल निरीक्षण का प्रस्ताव तैयार किया गया है। निरीक्षण के बाद आवश्यक कार्यों के लिए राशि स्वीकृत किए जाने की बात कही गई है।

रानी सागर में लगेगी रानी सूर्यमुखी देवी की आदमकद प्रतिमा

बैठक में रानी सागर में रानी सूर्यमुखी देवी की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय भी लिया गया। इससे रानी सूर्यमुखी देवी की स्मृति को संरक्षित करने की दिशा में पहल के रूप में देखा जा रहा है।

अवैध किराएदारों पर कार्रवाई की तैयारी

न्यास की दुकानों से किराया वसूली को लेकर भी सख्त निर्णय लिया गया है। बैठक में किराएदारों से बकाया किराया वसूल करने तथा अवैध रूप से संचालित दुकानों को सील करने का निर्णय लिया गया।

वाइडनर स्कूल की शिकायत पर जांच समिति का प्रस्ताव

वाइडनर स्कूल में गड़बड़ी की शिकायतों को देखते हुए बैठक में मामले की जांच को लेकर कलेक्टर को पत्र लिखने का निर्णय लिया गया। प्रबंध कार्यकारिणी की बैठक में जांच समिति गठित करने का प्रस्ताव रखा जाएगा।

पुजारियों का मानदेय हुआ दोगुना

बैठक में पुजारियों के मानदेय में भी बढ़ोतरी की गई। पहले ₹2500 मिलने वाला मानदेय अब ₹5000 कर दिया गया है।

राजगामी जमीनों पर लगेंगे बोर्ड और होगी वॉल राइटिंग

न्यास की जमीनों की पहचान स्पष्ट करने के लिए संबंधित संपत्तियों पर बोर्ड, साइन बोर्ड और वॉल राइटिंग कराने का निर्णय लिया गया है। इसका उद्देश्य राजगामी संपदा की जमीन को स्पष्ट रूप से चिन्हित करना बताया गया है।

2023 से ऑडिट लंबित, शासन को भेजा जाएगा प्रस्ताव

बैठक में यह भी बताया गया कि वर्ष 2023 से राजगामी संपदा का ऑडिट नहीं हुआ है। ऑडिट कराने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया। ऐसे में अब ऑडिट प्रक्रिया शुरू होने से न्यास की वित्तीय स्थिति और संपत्तियों से संबंधित रिकॉर्ड की स्थिति भी स्पष्ट होने की उम्मीद है।

राजगामी संपदा के प्रबंधन पर बढ़ी निगाह

एक ही बैठक में कॉम्प्लेक्स निर्माण, मंदिरों के जीर्णोद्धार, किराया वसूली, अवैध कब्जे/किरायेदारी पर कार्रवाई, जमीनों के चिन्हांकन और ऑडिट जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर निर्णय लिए गए हैं। अब इन फैसलों को जमीन पर कितना अमल मिलता है, यह देखने वाली बात होगी।

बैठक में सीईओ मारकंडे सहित शैलेंद्र अग्रहरि, आबिद बेग, अशोक चतुर्वेदी, गणेश राम साहू, देव कुमार बंजारे, राजेन्द्र कुमार पटेल, चंदन राम यादव, राजकुमार यदु, जितेन कुमार यादव, नीलमणि यादव, विमला यादव, अश्विनी यादव, ओम प्रकाश साहू सहित अन्य ट्रस्टीगण उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top