
जान जोखिम में डालकर ग्रामीणों ने कराया पारधमतरी में सिस्टम की पोल खोलती तस्वीर! खाट पर मरीज, उफनता नाला और जान जोखिम में डालकर पार कराते ग्रामीण
धमतरी -बारिश के मौसम में छत्तीसगढ़ के वनांचल इलाकों में ग्रामीणों की मुश्किलें किस कदर बढ़ जाती हैं, इसकी तस्वीर धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र से सामने आई है। ग्राम पंचायत लटियारा के चर्रा कच्छारपारा में एक बीमार व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को खाट का सहारा लेना पड़ा। उफनते नाले को पार कराते ग्रामीणों का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मरीज को खाट पर बिठाया और उफनते नाले में उतर गए ग्रामीण
जानकारी के मुताबिक चर्रा कच्छारपारा निवासी गोपेश पटेल की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाना जरूरी था, लेकिन लगातार बारिश के कारण चर्रा का डुमर नाला उफान पर था। आवागमन का सुरक्षित रास्ता नहीं होने के चलते ग्रामीणों ने मरीज को खाट पर बिठाया और चार लोगों ने खाट को उठाकर तेज बहाव वाले नाले को पार कराया।
यह पूरा घटनाक्रम ग्रामीण इलाकों में बारिश के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं और आवागमन की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े कर रहा है।
हर साल बारिश में यही परेशानी, पुल की मांग
ग्राम पंचायत लटियारा के सरपंच रुपेश कुमार ध्रुव के मुताबिक बारिश के मौसम में यह समस्या हर साल सामने आती है। नाले पर पुल नहीं होने के कारण मरीजों के साथ-साथ स्कूली बच्चों और आम ग्रामीणों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
सरपंच ने प्रशासन से मांग की है कि नाले पर जल्द से जल्द पुल का निर्माण कराया जाए, ताकि बारिश के दिनों में ग्रामीणों को अपनी जान जोखिम में डालकर आवागमन न करना पड़े।
डैम के गेट खुलने से बढ़ा जलस्तर, फिर भी जान जोखिम में
बताया जा रहा है कि माडमसिल्ली डैम के गेट खुलने के बाद नदी का जलस्तर बढ़ गया है। तेज बहाव के साथ पानी पुल के ऊपर से गुजर रहा है। इसके बावजूद ग्रामीणों को मजबूरी में इस रास्ते से गुजरना पड़ रहा है।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर बारिश के मौसम में जब नाला और नदी उफान पर होते हैं, तब ग्रामीणों की सुरक्षित आवाजाही और मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए प्रशासन की वैकल्पिक व्यवस्था कहां है?
अब देखना होगा कि वायरल वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन इस गंभीर समस्या को कितनी गंभीरता से लेता है और चर्रा डुमर नाले पर पुल निर्माण की दिशा में कब तक ठोस कदम उठाता है।

🖋️ शशिकांत “सनसनी” देवांगन (शशि कुमार देवांगन)
👨👦 पिता: स्वर्गीय गिरधारी प्रसाद देवांगन
📍 पता: राजीव नगर, वार्ड नं. 42, बसंतपुर, राजनांदगांव, Chhattisgarh – 491441
📞 मोबाइल: 9406138940
📰 वर्ष 2010 से पत्रकारिता जगत में सक्रिय शशिकांत “सनसनी” देवांगन ने अपनी पहचान निर्भीक, निष्पक्ष और जनहित की पत्रकारिता से बनाई है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत समय दर्शन दैनिक अख़बार से राजनांदगांव जिला ब्यूरो चीफ के रूप में की। वर्ष 2012 में राजनांदगांव पत्रिका दैनिक से जुड़ने के बाद उन्हें “शशिकांत सनसनी” नाम से विशेष पहचान मिली।
🎙️ प्रिंट मीडिया के साथ-साथ उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में Swaraj Express, Lalluram.com, Anadi News, Sudarshan News, वंदे भारत न्यूज़ तथा AB News में स्पेशल रिपोर्टर और स्टेट हेड, Chhattisgarh के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाईं।
📺 वर्तमान में वे “सनसनी टाइम्स” YouTube चैनल एवं 🌐 SansaniTimes.in पोर्टल के संपादक के रूप में सक्रिय हैं।
✨ पहचान — बेबाक, तेज़ और सच को जनता तक पहुँचाने वाली पत्रकारिता।


