
विशाखापट्टनम -आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम से एक बेहद दर्दनाक और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक निजी स्कूल में कथित तौर पर टीचर के थप्पड़ मारने के बाद छह साल के मासूम छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है, वहीं परिजनों ने स्कूल के बाहर विरोध जताते हुए मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
होमवर्क चेक करते वक्त बच्चे को मारा थप्पड़
पुलिस के मुताबिक, बच्चा किंडरगार्टन का छात्र था। वह होमवर्क चेक कराने के लिए टीचर की डेस्क के पास स्लेट लेकर खड़ा था। इसी दौरान वह परेशान और रोता हुआ नजर आया। आरोप है कि होमवर्क पूरा नहीं करने पर टीचर ने बच्चे की यूनिफॉर्म पकड़कर उसे अपने पास खींचा और थप्पड़ मार दिया।
बताया गया कि थप्पड़ के बाद बच्चा कुछ देर तक वहीं खड़ा रहा, लेकिन अचानक बेहोश होकर टीचर की गोद में गिर पड़ा। टीचर और स्कूल स्टाफ ने बच्चे को होश में लाने की कोशिश की और तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वायरल वीडियो ने बढ़ाई चिंता
घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है। वीडियो में बच्चा टीचर की डेस्क के पास दिखाई दे रहा है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, बच्चे की मौत का वास्तविक कारण और थप्पड़ तथा मौत के बीच संबंध जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
शिक्षा मंत्री ने कहा- दोषियों पर होगी कार्रवाई
आंध्र प्रदेश के शिक्षा मंत्री नारा लोकेश ने घटना को बेहद दुखद बताया है। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और जिम्मेदार लोगों के साथ-साथ संबंधित स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जांच के लिए 3 सदस्यीय कमेटी
स्कूल शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शुरुआती रिपोर्ट के आधार पर तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है। कमेटी में विशाखापट्टनम रीजनल जॉइंट डायरेक्टर (RJD), डिस्ट्रिक्ट एजुकेशन ऑफिसर (DEO) और रेवेन्यू डिविजनल ऑफिसर (RDO) को शामिल किया गया है।
कमेटी घटना से जुड़े तथ्यों की विस्तृत जांच करेगी और अपनी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
शिक्षकों को संवेदनशीलता के साथ पेश आने की हिदायत
शिक्षा विभाग ने शिक्षकों को निर्देश दिया है कि वे बच्चों के साथ संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और मानवीय व्यवहार के साथ पेश आएं। विभाग की ओर से शिक्षकों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाने की तैयारी भी की जा रही है।
पुलिस ने संदिग्ध मौत के संबंध में BNSS की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मेडिकल रिपोर्ट, वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान समेत तमाम पहलुओं की जांच के बाद ही मासूम की मौत की पूरी तस्वीर साफ होगी।
छह साल के मासूम की मौत ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा, अनुशासन के नाम पर शारीरिक दंड और शिक्षकों की जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

🖋️ शशिकांत “सनसनी” देवांगन (शशि कुमार देवांगन)
👨👦 पिता: स्वर्गीय गिरधारी प्रसाद देवांगन
📍 पता: राजीव नगर, वार्ड नं. 42, बसंतपुर, राजनांदगांव, Chhattisgarh – 491441
📞 मोबाइल: 9406138940
📰 वर्ष 2010 से पत्रकारिता जगत में सक्रिय शशिकांत “सनसनी” देवांगन ने अपनी पहचान निर्भीक, निष्पक्ष और जनहित की पत्रकारिता से बनाई है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत समय दर्शन दैनिक अख़बार से राजनांदगांव जिला ब्यूरो चीफ के रूप में की। वर्ष 2012 में राजनांदगांव पत्रिका दैनिक से जुड़ने के बाद उन्हें “शशिकांत सनसनी” नाम से विशेष पहचान मिली।
🎙️ प्रिंट मीडिया के साथ-साथ उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में Swaraj Express, Lalluram.com, Anadi News, Sudarshan News, वंदे भारत न्यूज़ तथा AB News में स्पेशल रिपोर्टर और स्टेट हेड, Chhattisgarh के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाईं।
📺 वर्तमान में वे “सनसनी टाइम्स” YouTube चैनल एवं 🌐 SansaniTimes.in पोर्टल के संपादक के रूप में सक्रिय हैं।
✨ पहचान — बेबाक, तेज़ और सच को जनता तक पहुँचाने वाली पत्रकारिता।


