“सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं, मेहनत से ही मिलेगी मंजिल” : कलेक्टर जितेन्द्र यादव

addtext 08 08 07.47.32

कमलादेवी राठी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय के दीक्षारंभ समारोह में नवप्रवेशित छात्राओं को दिया सफलता का मंत्र, तिलक लगाकर किया स्वागत

राजनांदगांव -शासकीय कमलादेवी राठी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजनांदगांव में नवप्रवेशित छात्राओं के स्वागत एवं मार्गदर्शन के लिए दीक्षारंभ समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव शामिल हुए और छात्राओं को सफलता, अनुशासन तथा लक्ष्य निर्धारण का मंत्र देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कलेक्टर श्री यादव ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। किसी भी महत्वपूर्ण उपलब्धि को हासिल करने के लिए कठोर परिश्रम और निरंतर प्रयास जरूरी है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे अपने जीवन का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करें और उस लक्ष्य की दिशा में प्रतिदिन कुछ न कुछ प्रगति अवश्य करें।
“अनुशासन ही आजादी है”
कलेक्टर ने छात्राओं को अनुशासन का महत्व समझाते हुए कहा कि “अनुशासन ही आजादी है और आजादी ही बंधन है।” उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति अनुशासन को अपने जीवन का हिस्सा बना लेता है, तब उसे वास्तविक स्वतंत्रता का अनुभव होता है। उन्होंने छात्राओं को समय का सदुपयोग करने, नियमित अध्ययन करने और अपने व्यक्तित्व विकास पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर कलेक्टर ने नवप्रवेशित छात्राओं का तिलक लगाकर स्वागत किया। उन्होंने छात्राओं के महाविद्यालयीन जीवन की नई शुरुआत के लिए उन्हें शुभकामनाएं भी दीं।
नशामुक्त समाज के लिए छात्राओं की भूमिका पर जोर
कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति अभियान के तहत महाविद्यालय की ओर से देश को नशामुक्त बनाने में योगदान देने के उद्देश्य से महिलाओं की भूमिका पर आधारित पोस्टर का कलेक्टर ने अनावरण किया। इस पहल के माध्यम से छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया गया।
“महिलाएं हर क्षेत्र में लहरा रही हैं परचम”
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अंजली अवधिया ने नवप्रवेशित छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि महाविद्यालयीन जीवन में प्रवेश करना प्रत्येक विद्यार्थी के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। इस दौरान छात्राओं को अपने जीवन से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय स्वयं लेने होते हैं।
उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, प्रशासन, विज्ञान, खेल, राजनीति सहित हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि महाविद्यालय की छात्राएं भी अपने माता-पिता के साथ-साथ महाविद्यालय का नाम रोशन करेंगी।
मर्यादा के साथ आगे बढ़ने का संदेश
महाविद्यालय जनभागीदारी समिति की अध्यक्ष सुश्री मणीभास्कर गुप्ता ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी छात्राएं मर्यादा और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें तथा अपने लक्ष्य को हासिल करें।
दीक्षारंभ समारोह में महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के प्राध्यापकों ने नवप्रवेशित छात्राओं को संबंधित विभागों के साथ-साथ महाविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी दी।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खेल प्रतियोगिताओं ने बढ़ाया उत्साह
समारोह के दौरान छात्राओं के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं क्रीड़ा प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। आयोजन को सफल बनाने में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी श्रीमती रामकुमारी धुर्वा और क्रीड़ा अधिकारी डॉ. नीता एस. नायर ने विशेष सहयोग दिया।
कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के IQAC समन्वयक एवं मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. बसंत कुमार सोनबेर ने किया। समारोह में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, महाविद्यालय के प्राध्यापक, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

Advertisement
Advertisement

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top