आज निकालेगी बाइक रैली,स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग तेज – राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज के इंटर्न डॉक्टरों का बड़ा आंदोलन

addtext 08 07 12.32.46

आज दोपहर को शांतिपूर्ण बाइक रैली निकालकर सरकार तक पहुंचाएंगे अपनी मांग, एसडीएम और एसपी को सौंपा अनुमति आवेदन

राजनांदगांव- भारत रत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, राजनांदगांव के इंटर्न चिकित्सकों ने स्टाइपेंड में वृद्धि की मांग को लेकर 7 अगस्त 2026 को प्रस्तावित शांतिपूर्ण बाइक रैली के लिए प्रशासन से अनुमति मांगी है। इस संबंध में इंटर्न डॉक्टरों ने उप संभागीय दण्डाधिकारी (एसडीएम) को आवेदन सौंपते हुए रैली आयोजित करने की अनुमति प्रदान करने का अनुरोध किया है। आवेदन की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव को भी आवश्यक कार्यवाही हेतु भेजी गई है।
आवेदन के अनुसार, इंटर्न चिकित्सक अपनी लंबे समय से लंबित स्टाइपेंड वृद्धि की मांग को राज्य शासन और जनप्रतिनिधियों तक लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से पहुंचाना चाहते हैं। प्रस्तावित बाइक रैली 7 अगस्त को मेडिकल कॉलेज परिसर से प्रारंभ होकर निरंकारी फर्नीचर, कमला कॉलेज रोड, बसंतपुर रोड, लक्ष्मीनारायण चौक (मोती स्वीट्स), खंडेलवाल होटल होते हुए पुनः मेडिकल कॉलेज पहुंचेगी।
इंटर्न चिकित्सकों ने प्रशासन को आश्वस्त किया है कि रैली के दौरान सभी प्रतिभागी यातायात नियमों का पालन करेंगे, सार्वजनिक शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखेंगे तथा प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी सभी निर्देशों का पूरी तरह पालन करेंगे।
गौरतलब है कि स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर मेडिकल कॉलेज के इंटर्न चिकित्सक पिछले कुछ दिनों से आंदोलनरत हैं। इसी क्रम में अब उन्होंने बाइक रैली के माध्यम से अपनी मांग को और प्रभावी ढंग से सरकार तक पहुंचाने की रणनीति बनाई है।
इंटर्न चिकित्सकों की ओर से आयुष कुमार, हिमांशु तिवारी और पी. विजय को संपर्क व्यक्ति के रूप में नामित किया गया है। अब सभी की नजर प्रशासन के निर्णय पर टिकी है कि प्रस्तावित बाइक रैली को अनुमति मिलती है या नहीं।

Advertisement
Advertisement

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top