
15 अगस्त से 26 जनवरी तक चलेगा
राज्यव्यापी अभियान, 6,855 करोड़ रुपये से ग्रामीण विकास और रोजगार को मिलेगी नई रफ्तार
रायपुर – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को नवा रायपुर स्थित महानदी भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में विकसित भारत–रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) वीबी-जी राम जी के अंतर्गत राज्यव्यापी ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 15 अगस्त 2026 से 26 जनवरी 2027 तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान प्रदेश के प्रत्येक गांव में मुक्तिधाम एवं प्रतीक्षालय तथा ग्रामीण क्षेत्रों के सभी शासकीय विद्यालयों में बालिकाओं के लिए शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान बेटियों के सम्मान, स्वच्छता, सामाजिक गरिमा और ग्रामीण आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। अभियान के तहत 286.85 करोड़ रुपये की लागत से 6,671 बालिका शौचालय, 391.44 करोड़ रुपये की लागत से 6,524 मुक्तिधाम-प्रतीक्षालय तथा 18.22 करोड़ रुपये की लागत से 549 अतिरिक्त मुक्तिधाम बनाए जाएंगे।
जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए राज्य के 10,027 डिफंक्ट (बंद) बोरवेलों में 52.14 करोड़ रुपये की लागत से रिचार्ज पिट और सैंड फिल्टर संरचनाएं विकसित की जाएंगी, जिससे भू-जल स्तर बढ़ाने और पेयजल संकट कम करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वीबी-जी राम जी योजना के तहत चालू वित्तीय वर्ष में मनरेगा और मिशन के माध्यम से लगभग 6,855 करोड़ रुपये ग्रामीण विकास और रोजगार पर खर्च किए जाएंगे। योजना के अंतर्गत मजदूरी बढ़ाकर 300 रुपये प्रतिदिन कर दी गई है तथा सभी विकास कार्य ग्राम सभा की स्वीकृति से किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि योजना में 318 प्रकार के विकास कार्य शामिल किए गए हैं, जिनमें जल संरक्षण, ग्रामीण अधोसंरचना, आजीविका संवर्धन और जलवायु अनुकूलन से जुड़े कार्य प्रमुख हैं। सड़क, पुलिया, पंचायत भवन, आंगनबाड़ी, अतिरिक्त स्कूल कक्ष, पुस्तकालय, किचन शेड, पशु चिकित्सालय, ग्रामीण हाट-बाजार, कोल्ड स्टोरेज, डेयरी, मत्स्य पालन और कृषि अधोसंरचना जैसे कार्य भी योजना में शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने योजना के क्रियान्वयन की तैयारियों में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। श्रमिकों की 98 प्रतिशत ई-केवाईसी पूरी कर राज्य देश में प्रथम स्थान पर है, जबकि 99 प्रतिशत जियो टैगिंग के साथ दूसरा स्थान हासिल किया है। युक्तधारा पोर्टल के माध्यम से जीआईएस आधारित ग्राम पंचायत कार्ययोजना तैयार करने में भी राज्य अग्रणी रहा है।
उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर और विकसित गांवों का निर्माण करना है। सभी कार्यों का अनुमोदन ग्राम सभा से होगा तथा डिजिटल मॉनिटरिंग, सामाजिक अंकेक्षण, गुणवत्ता नियंत्रण और समयबद्ध भुगतान के माध्यम से पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।
पत्रकार वार्ता में उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा, अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, वीबी-जी राम जी के आयुक्त तारन प्रकाश सिन्हा सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

🖋️ शशिकांत “सनसनी” देवांगन (शशि कुमार देवांगन)
👨👦 पिता: स्वर्गीय गिरधारी प्रसाद देवांगन
📍 पता: राजीव नगर, वार्ड नं. 42, बसंतपुर, राजनांदगांव, Chhattisgarh – 491441
📞 मोबाइल: 9406138940
📰 वर्ष 2010 से पत्रकारिता जगत में सक्रिय शशिकांत “सनसनी” देवांगन ने अपनी पहचान निर्भीक, निष्पक्ष और जनहित की पत्रकारिता से बनाई है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत समय दर्शन दैनिक अख़बार से राजनांदगांव जिला ब्यूरो चीफ के रूप में की। वर्ष 2012 में राजनांदगांव पत्रिका दैनिक से जुड़ने के बाद उन्हें “शशिकांत सनसनी” नाम से विशेष पहचान मिली।
🎙️ प्रिंट मीडिया के साथ-साथ उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में Swaraj Express, Lalluram.com, Anadi News, Sudarshan News, वंदे भारत न्यूज़ तथा AB News में स्पेशल रिपोर्टर और स्टेट हेड, Chhattisgarh के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाईं।
📺 वर्तमान में वे “सनसनी टाइम्स” YouTube चैनल एवं 🌐 SansaniTimes.in पोर्टल के संपादक के रूप में सक्रिय हैं।
✨ पहचान — बेबाक, तेज़ और सच को जनता तक पहुँचाने वाली पत्रकारिता।



