80 लाख की राशि स्वीकृत, फिर भी मंदिरों का जीर्णोद्धार अधूरा; चार महीने बाद भी कई गांवों में काम शुरू नहीं

addtext 08 05 08.09.34

डोंगरगांव क्षेत्र के 16 मंदिरों के लिए पहली किस्त जारी, कई पंचायतों में निर्माण कार्य की रफ्तार धीमी

राजनांदगांव-डोंगरगांव, । धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मद के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनपद पंचायत डोंगरगांव की 13 ग्राम पंचायतों के 16 गांवों के मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए लगभग 80 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। प्रत्येक मंदिर के लिए 4.98 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जबकि प्रथम किस्त के रूप में 1.99 लाख रुपये संबंधित ग्राम पंचायतों को जारी किए जा चुके हैं।
जानकारी के अनुसार, निर्माण कार्य की जिम्मेदारी संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंचों को सौंपी गई है। जारी की गई राशि से निर्माण सामग्री की खरीद, आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था और श्रमिकों के भुगतान का कार्य किया जाना है। जनपद पंचायत डोंगरगांव ने 8 अप्रैल 2026 तक सभी पंचायतों को पहली किस्त जारी कर दी थी। विभागीय नियमों के अनुसार सभी कार्य छह माह के भीतर पूरे किए जाने हैं।
इन मंदिरों का होना है जीर्णोद्धार
रामपुर के शिव मंदिर एवं महादेव मंदिर, च. टोलागांव के शीतला मंदिर, मोहभट्ठा के शीतला मंदिर, बनभेड़ी के शिव मंदिर, सिंगापुर के शीतला मंदिर, जंगलपुर के शीतला मंदिर, कोटरासरार के बजरंगबली मंदिर, कुम्ही भाठागांव के शीतला मंदिर, करमतरा के हनुमान मंदिर, बनहरदी के शीतला मंदिर, मलईडबरी के शीतला मंदिर, ओड़ारबांध के शीतला मंदिर, ढाबा के शिव मंदिर, किरगी (ब) के शिव मंदिर तथा आरगांव के नायकदेव मंदिर शामिल हैं।
चार महीने बाद भी सुस्त रफ्तार
स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार कई गांवों में अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। कुछ स्थानों पर केवल निर्माण सामग्री जुटाई जा रही है, जबकि कहीं साफ-सफाई और प्रारंभिक तैयारियां चल रही हैं। स्वीकृति और राशि जारी होने के करीब चार माह बाद भी कई ग्राम पंचायतों में कार्य अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ सका है।
इस स्थिति को लेकर क्षेत्र में सवाल उठ रहे हैं कि जब पहली किस्त पहले ही जारी हो चुकी है, तो कई मंदिरों के जीर्णोद्धार कार्य अब तक धरातल पर क्यों नहीं उतर पाए। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि शेष समय में निर्माण कार्य में तेजी लाई जाएगी ताकि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे हो सकें।

Advertisement
Advertisement

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top