ज्ञानेश्वरी यादव का मुख्यमंत्री निवास में भव्य सम्मान, ₹30 लाख इनाम और आउट ऑफ टर्न DSP पदोन्नति की घोषणा

addtext 08 03 06.22.32

रायपुर -राष्ट्रमंडल खेल 2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव का सोमवार को मुख्यमंत्री निवास में भव्य स्वागत और सम्मान किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ज्ञानेश्वरी की ऐतिहासिक उपलब्धि पर उन्हें 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि तथा आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मान केवल एक खिलाड़ी का नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की प्रतिभा, मेहनत और संकल्प का सम्मान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञानेश्वरी ने अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेलों में कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक हासिल किया और पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद ज्ञानेश्वरी ने अनुशासन, निरंतर अभ्यास और दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर सफलता प्राप्त की है।
उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी की उपलब्धि प्रदेश की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। राज्य सरकार ने उनकी इस उपलब्धि का सम्मान करते हुए उन्हें आउट ऑफ टर्न डीएसपी पदोन्नति देने का निर्णय लिया है, ताकि अन्य खिलाड़ी भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित हों।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्लासगो रवाना होने से पहले भी उन्होंने ज्ञानेश्वरी से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दी थीं और रजत पदक जीतने के बाद वीडियो कॉल के माध्यम से बधाई भी दी थी। मुख्यमंत्री निवास में हुए सम्मान समारोह को उन्होंने पूरे प्रदेश के लिए गर्व और उत्सव का क्षण बताया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक खेल अधोसंरचना, विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, बेहतर कोचिंग और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ के अधिक से अधिक खिलाड़ियों को ओलंपिक, राष्ट्रमंडल खेल, एशियाई खेल सहित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करने योग्य बनाना है।
उन्होंने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी यादव भविष्य में भी अपने शानदार प्रदर्शन से भारत और छत्तीसगढ़ का नाम विश्व पटल पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी।

Advertisement
Advertisement

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top