पानी के छींटे डालने से शुरू हुआ विवाद, लोहे के पेचकस से हमला; बसंतपुर पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार

addtext 08 03 06.10.52

राजनांदगांव – थाना बसंतपुर पुलिस ने मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे का पेचकस भी बरामद किया है। मामले में शामिल एक विधि के विरुद्ध संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लेकर नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी सालिक राम निषाद (32 वर्ष) निवासी बम्हनीभांठा, थाना डोंगरगांव अपने साढ़ू भाई के मकान निर्माण कार्य के सिलसिले में ग्राम सिंगदई आया हुआ था। 2 अगस्त 2026 की रात भोजन के बाद वह अपने परिजनों के साथ सार्वजनिक शौचालय गया था। इसी दौरान आरोपी मिनी ठाकुर उर्फ टुमेश्वर मरई पानी का पाउच फाड़कर उन पर छींटे डालने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर अश्लील गाली-गलौज की और हाथ-मुक्कों तथा लोहे के पेचकस से हमला कर जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित की शिकायत पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 358/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(2), 118(1) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का पेचकस जब्त कर लिया। इसके बाद मिनी ठाकुर उर्फ टुमेश्वर मरई (23), गौरव मंडावी (24) और रामजी मंडावी (21) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। वहीं मामले में शामिल एक विधि के विरुद्ध संघर्षरत बालक को भी नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन, प्रधान आरक्षक दीपक जायसवाल, आरक्षक अहतर अली एवं भुनेश्वर जायसी की सराहनीय भूमिका रही।

Advertisement
Advertisement

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top