कौरिनभांठा की ब्लाइंड चोरी का खुलासा, सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगालकर नागपुर से दबोचे आरोपी, ₹2.48 लाख की चोरी का मामला सुलझा
राजनांदगांव पुलिस ने ब्लाइंड चोरी के एक सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश करते हुए अंतर्राज्यीय शातिर चोर गिरोह के दो आरोपियों को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कौरिनभांठा स्थित एक सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने चोरी के सोने के आभूषणों को गलाकर बनाया गया करीब 35 ग्राम का सोने का डल्ला, चांदी के जेवर, चांदी के सिक्के और अन्य चोरी का सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई 2026 को कौरिनभांठा निवासी उमाशंकर साहू ने बसंतपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि परिवार सहित बाहर जाने के दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के सिक्के और 80 हजार रुपये नकद सहित करीब 2.48 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा (आईपीएस) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में थाना बसंतपुर और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।
सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज बने सबसे बड़ा सुराग
निरीक्षक कौशलेश देवांगन और निरीक्षक विनय पम्मार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शहरभर के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपी राष्ट्रीय राजमार्ग के रास्ते महाराष्ट्र भाग गए हैं।
इसके बाद पुलिस टीम नागपुर पहुंची और रमाकांत उर्फ रामभाऊ (28) तथा वाल्सल सातपुटे (26) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
पहचान छिपाने के लिए जेवर गलाकर बनाया सोने का डल्ला
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने चोरी किए गए सोने के आभूषणों को गलाकर करीब 35 ग्राम का सोने का डल्ला तैयार कर लिया था, ताकि उसकी पहचान न हो सके। पुलिस ने सोने का डल्ला, चांदी की पायल, बिछिया, 19 चांदी के सिक्के, अन्य आभूषण और नगदी बरामद कर ली है।
मुख्य आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
मुख्य आरोपी रमाकांत उर्फ रामभाऊ के खिलाफ बसंतपुर और लालबाग थानों में चोरी के कई पुराने मामले दर्ज हैं। पुलिस दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने की कार्रवाई कर रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक कौशलेश देवांगन, निरीक्षक विनय पम्मार, उप निरीक्षक इब्राहिम खान, प्रधान आरक्षक बसंत राव तथा आरक्षक अविनाश झा, आशीष मानिकपुरी, हरिश ठाकुर, मोहसीन खान, भुनेश्वर जायसी, कुश बघेल और मोहन साहू की भूमिका सराहनीय रही।
राजनांदगांव पुलिस का कहना है कि तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और त्वरित कार्रवाई के दम पर अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश कर चोरी गई संपत्ति बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की गई है।

🖋️ शशिकांत “सनसनी” देवांगन (शशि कुमार देवांगन)
👨👦 पिता: स्वर्गीय गिरधारी प्रसाद देवांगन
📍 पता: राजीव नगर, वार्ड नं. 42, बसंतपुर, राजनांदगांव, Chhattisgarh – 491441
📞 मोबाइल: 9406138940
📰 वर्ष 2010 से पत्रकारिता जगत में सक्रिय शशिकांत “सनसनी” देवांगन ने अपनी पहचान निर्भीक, निष्पक्ष और जनहित की पत्रकारिता से बनाई है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत समय दर्शन दैनिक अख़बार से राजनांदगांव जिला ब्यूरो चीफ के रूप में की। वर्ष 2012 में राजनांदगांव पत्रिका दैनिक से जुड़ने के बाद उन्हें “शशिकांत सनसनी” नाम से विशेष पहचान मिली।
🎙️ प्रिंट मीडिया के साथ-साथ उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में Swaraj Express, Lalluram.com, Anadi News, Sudarshan News, वंदे भारत न्यूज़ तथा AB News में स्पेशल रिपोर्टर और स्टेट हेड, Chhattisgarh के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाईं।
📺 वर्तमान में वे “सनसनी टाइम्स” YouTube चैनल एवं 🌐 SansaniTimes.in पोर्टल के संपादक के रूप में सक्रिय हैं।
✨ पहचान — बेबाक, तेज़ और सच को जनता तक पहुँचाने वाली पत्रकारिता।



