रायपुर में सीजी टेंट एंड डेकोर एक्सपो-2026 का शुभारंभ, डिप्टी सीएम अरुण साव बोले— टेंट उद्योग बना रोजगार और नवाचार का मजबूत आधार

addtext 07 31 04.01.15

प्रदेशभर के टेंट व्यवसायियों को मिला साझा मंच, आधुनिक तकनीक, नई थीम और व्यापार के नए अवसरों पर रहा फोकस

रायपुर- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के लाभांडी में शुक्रवार को सीजी टेंट एंड डेकोर एक्सपो-2026 का भव्य शुभारंभ उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया। छत्तीसगढ़ टेंट ऑनर वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस एक्सपो में देशभर से टेंट एवं डेकोरेशन उद्योग से जुड़े व्यवसायियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर आधुनिक टेंट, डेकोरेशन उत्पादों, नई तकनीकों और आकर्षक डिजाइनों की सराहना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अरुण साव ने कहा कि टेंट व्यवसाय अब केवल पारंपरिक सेवा नहीं, बल्कि तेजी से विकसित होता हुआ एक संगठित उद्योग बन चुका है। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में नई थीम, आधुनिक तकनीक और लगातार हो रहे नवाचारों ने इस क्षेत्र को नई पहचान दी है। किसी भी स्थान का स्वरूप कम समय में पूरी तरह बदल देने की क्षमता टेंट व्यवसायियों की रचनात्मकता और कौशल का प्रमाण है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि ऐसे एक्सपो प्रदेशभर के व्यवसायियों को एक मंच पर लाकर अनुभव साझा करने, नई तकनीकों से परिचित होने और व्यापार के नए अवसर तलाशने का मौका देते हैं। इससे न केवल टेंट उद्योग को मजबूती मिलेगी, बल्कि प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों और रोजगार सृजन को भी नई गति मिलेगी।
उन्होंने छत्तीसगढ़ टेंट ऑनर वेलफेयर एसोसिएशन को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि सरकार उद्योगों के विकास और उद्यमियों को प्रोत्साहन देने के लिए लगातार प्रयासरत है। हाल के वर्षों में टेंट व्यवसाय को उद्योग का दर्जा मिलने से इस क्षेत्र के विकास की संभावनाएं और बढ़ी हैं।
कार्यक्रम में विधायक मोतीलाल साहू, टेंट एसोसिएशन के पदाधिकारी, सदस्य तथा प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए टेंट व्यवसायी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top