राजनांदगांव में श्रमिक सम्मेलन: डॉ. रमन सिंह ने हितग्राहियों को बांटे करोड़ों की योजनाओं के लाभ, पंजीयन दोगुना करने का दिया लक्ष्य

addtext 07 31 01.51.46

श्रमिक कल्याण योजनाओं के तहत सहायता राशि, ई-रिक्शा और अन्य लाभ वितरित; असंगठित श्रमिकों के लिए गांव-गांव पंजीयन अभियान चलाने का आह्वान
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने शुक्रवार को राजनांदगांव में आयोजित श्रमिक सम्मेलन एवं श्रम विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राही सहायता वितरण कार्यक्रम में शामिल होकर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक और ई-रिक्शा की चाबियां वितरित कीं। कार्यक्रम का आयोजन छत्तीसगढ़ शासन के श्रम विभाग एवं छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के तत्वावधान में किया गया।
अपने संबोधन में डॉ. रमन सिंह ने कहा कि श्रमिकों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से वर्ष 2008 में मुख्यमंत्री रहते हुए श्रमिक कल्याण योजनाओं की शुरुआत की गई थी। इन योजनाओं का उद्देश्य भवन एवं अन्य असंगठित क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा, आर्थिक सहायता और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि राजनांदगांव जिले में असंगठित श्रमिकों का पंजीयन अभी अपेक्षाकृत कम है। उन्होंने श्रम विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सरपंचों, जनपद और जिला पंचायत प्रतिनिधियों से गांव-गांव शिविर लगाकर अगले एक वर्ष में श्रमिक पंजीयन की संख्या दोगुनी करने का लक्ष्य पूरा करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बताया गया कि राज्य सरकार की विभिन्न श्रमिक कल्याण योजनाओं के तहत 2.71 लाख से अधिक श्रमिकों को करीब 25 करोड़ रुपये की सहायता राशि सीधे उनके खातों में हस्तांतरित की गई है। शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं के माध्यम से 14 करोड़ रुपये से अधिक का लाभ भी हितग्राहियों को मिला है। इसके अलावा मिनीमाता जतन योजना, मातृत्व सहायता, मुख्यमंत्री दीदी ई-रिक्शा योजना, बच्चों की नि:शुल्क शिक्षा एवं कोचिंग सहित कई योजनाओं की जानकारी दी गई।
डॉ. रमन सिंह ने कार्यक्रम के दौरान कई हितग्राहियों से सीधे संवाद कर योजनाओं के लाभ के बारे में जानकारी ली और उन्हें अधिक से अधिक सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की सलाह दी। उन्होंने विभिन्न हितग्राहियों को सहायता राशि के चेक और महिलाओं को ई-रिक्शा की चाबियां भी सौंपी। कार्यक्रम के बाद वे हितग्राही उषा साहू के ई-रिक्शा में बैठकर स्वयं सवारी करते हुए भी नजर आए।
इस अवसर पर कर्मकार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्र, राज्य ग्रामीण संपदा न्यास की अध्यक्ष पूर्णिमा साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, कलेक्टर जितेंद्र यादव, जिला पंचायत सीईओ दुर्गेश वर्मा, डीएफओ आयुष जैन, एडीएम सी.एल. मार्कंडे, श्रम विभाग के इंस्पेक्टर हिमानी बनसोड,नारद सिंह मण्डवी, जगदीश कश्यप,तिलक साहू, सरिता चंद्रवंसी, भारती चौधरी, नेहा अधिकारी-कर्मचारी तथा जिलेभर से पहुंचे हजारों श्रमिक और हितग्राही उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top