उपसरपंच पर सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का आरोप, ग्रामीणों ने SDM से की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

addtext 07 29 06.10.27


राजनांदगांव जिले के ग्राम उसरीबोड़ में सरकारी भूमि पर कथित अतिक्रमण को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्राम विकास समिति और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर आवेदन सौंपते हुए उपसरपंच पर करीब 9 डिसमील सरकारी घास भूमि पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है। साथ ही सरपंच एवं दो पंचों द्वारा अर्थदंड वसूली के लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है।
ग्रामीणों का कहना है कि जिस भूमि पर कथित अतिक्रमण किया गया है, वह मुक्तिधाम और सार्वजनिक रास्ते के लिए आरक्षित है। आरोप है कि उपसरपंच ने करीब 12 वर्षों से इस जमीन पर मकान और मुर्गी फार्म बनाकर कब्जा कर रखा है, जिससे अंतिम संस्कार के लिए ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आवेदन में दावा किया गया है कि कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत के बाद हल्का पटवारी ने मौके की जांच कर अतिक्रमण का पंचनामा तैयार किया था। इसके आधार पर एसडीएम कार्यालय से ग्राम पंचायत को अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी जारी किए गए थे। ग्रामीणों के अनुसार पंचायत द्वारा तीन बार नोटिस दिए जाने के बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया।
ग्राम विकास समिति ने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि उपसरपंच ने पूर्व में फर्जी हस्ताक्षर कर शिकायत की थी, जिसे बाद में ग्रामीण बैठक में स्वीकार किया गया। वहीं सरपंच पर भी कुछ विकास कार्यों में अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए जांच की मांग की गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।
नोट: यह समाचार ग्राम विकास समिति द्वारा प्रशासन को दिए गए आवेदन और उसमें लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले में संबंधित पक्ष का विस्तृत पक्ष और प्रशासनिक जांच का अंतिम निष्कर्ष आना शेष है।

Advertisement
Advertisement

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top