राजनांदगांव: 15 नक्सल पीड़ित परिवारों को 60 लाख की सहायता, 13 आत्मसमर्पित नक्सलियों को मिली प्रोत्साहन राशि

addtext 07 12 09.16.03

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा- पुनर्वास के जरिए मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता
राजनांदगांव, 11 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ सरकार की आत्मसमर्पित एवं नक्सल पीड़ित पुनर्वास नीति के तहत शनिवार को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने अपने राजनांदगांव स्थित निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में 15 नक्सल पीड़ित परिवारों को 60 लाख रुपए की आर्थिक सहायता तथा 13 आत्मसमर्पित नक्सलियों को प्रोत्साहन राशि के चेक वितरित किए।
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राज्य सरकार नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों और मुख्यधारा में लौटे आत्मसमर्पित नक्सलियों के सम्मानजनक पुनर्वास के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य आर्थिक सहायता, रोजगार और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से प्रभावित परिवारों को आत्मनिर्भर बनाना है।
उन्होंने बताया कि जिले के 15 नक्सल पीड़ित परिवारों को 4-4 लाख रुपए की दर से कुल 60 लाख रुपए की सहायता दी गई है। वहीं शेष 4 परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ स्वीकृत किया गया है।
16 में से 10 आत्मसमर्पित नक्सलियों को मिली सरकारी नौकरी
कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि जिले के कुल 16 आत्मसमर्पित नक्सलियों में से 10 को शासकीय नौकरी दी जा चुकी है। इसके अलावा पात्र हितग्राहियों को इनाम राशि, आर्थिक सहायता, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राज्य परिवहन बसों में 50 प्रतिशत किराया छूट, स्वरोजगार प्रशिक्षण और अन्य पुनर्वास सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
13 आत्मसमर्पित नक्सलियों को प्रोत्साहन राशि
कलेक्टर जितेंद्र यादव ने बताया कि पुनर्वास नीति-2025 के तहत जिले में पुनर्वास कार्य लगातार जारी है। केंद्र सरकार की योजना के तहत 13 आत्मसमर्पित नक्सलियों को पहले ही 25 लाख रुपए की सहायता दी जा चुकी है। वहीं शनिवार को 13 हितग्राहियों को 5-5 हजार रुपए की अनुग्रह एवं प्रोत्साहन राशि के चेक भी वितरित किए गए।
उन्होंने कहा कि पुलिस और सुरक्षा बलों के प्रभावी अभियान के कारण राजनांदगांव जिले में नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है और जिला प्रशासन प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर सी.एल. मारकण्डेय, कोमल सिंह राजपूत सहित जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top