तीन दिन से लापता थे दंपति, जंगल में अलग-अलग पेड़ों पर लटके मिले शव, क्षेत्र में शोक की लहर
गरियाबंद/मैनपुर। गरियाबंद जिले के आदिवासी विकासखंड मैनपुर क्षेत्र के ग्राम पयलीखण्ड से एक बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना सामने आई है। गांव के 65 वर्षीय पूर्व जनपद सदस्य जयराम नागेश और उनकी पत्नी बेलबाई नागेश ने कथित रूप से पारिवारिक विवाद के बाद जंगल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। तीन दिनों से लापता दंपति के शव मंगलवार को गांव से कुछ दूरी पर जंगल में पेड़ों से लटके हुए मिले, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और शोक का माहौल व्याप्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मैनपुर तहसील मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम जांगड़ा-पयलीखण्ड निवासी जयराम नागेश पूर्व में जनपद सदस्य रह चुके थे। वे अपनी पत्नी बेलबाई नागेश और छोटे बेटे के साथ निवास करते थे। बताया जा रहा है कि 14 जून, रविवार को किसी घरेलू बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया था। परिवार के लोगों ने दोनों को समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन कुछ समय बाद दोनों अलग-अलग घर से निकल गए।
परिजनों के अनुसार पहले दिन दोनों के घर नहीं लौटने पर यह माना गया कि वे किसी रिश्तेदार या परिचित के यहां गए होंगे। हालांकि अगले दिन भी जब उनका कोई पता नहीं चला तो परिवार की चिंता बढ़ गई। इसी बीच मंगलवार को ग्रामीणों ने जंगल में दो लोगों के शव फांसी पर लटके होने की सूचना दी।
सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां करीब 100 मीटर की दूरी पर अलग-अलग स्थानों पर जयराम नागेश और उनकी पत्नी बेलबाई नागेश के शव फांसी के फंदे से लटके मिले। शवों की पहचान होने के बाद पूरे गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही जुगाड़-पयलीखण्ड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मैनपुर भेजा। पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए।
पुलिस जांच जारी
मामले को लेकर थाना प्रभारी यदुराज ठाकुर ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों घर से निकल गए और जंगल में फांसी लगा ली। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच की जा रही है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र में शोक की लहर
पूर्व जनपद सदस्य जयराम नागेश सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय रहे थे। उनके और उनकी पत्नी के इस तरह अचानक निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की है।
(नोट: आत्महत्या किसी भी समस्या का समाधान नहीं है। यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव, अवसाद या भावनात्मक संकट से गुजर रहा है, तो परिवार, मित्रों या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों से सहायता अवश्य लें।)
Sansani Times Desk | Gariyaband-Mainpur

🖋️ शशिकांत “सनसनी” देवांगन (शशि कुमार देवांगन)
👨👦 पिता: स्वर्गीय गिरधारी प्रसाद देवांगन
📍 पता: राजीव नगर, वार्ड नं. 42, बसंतपुर, राजनांदगांव, Chhattisgarh – 491441
📞 मोबाइल: 9406138940
📰 वर्ष 2010 से पत्रकारिता जगत में सक्रिय शशिकांत “सनसनी” देवांगन ने अपनी पहचान निर्भीक, निष्पक्ष और जनहित की पत्रकारिता से बनाई है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत समय दर्शन दैनिक अख़बार से राजनांदगांव जिला ब्यूरो चीफ के रूप में की। वर्ष 2012 में राजनांदगांव पत्रिका दैनिक से जुड़ने के बाद उन्हें “शशिकांत सनसनी” नाम से विशेष पहचान मिली।
🎙️ प्रिंट मीडिया के साथ-साथ उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में Swaraj Express, Lalluram.com, Anadi News, Sudarshan News, वंदे भारत न्यूज़ तथा AB News में स्पेशल रिपोर्टर और स्टेट हेड, Chhattisgarh के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाईं।
📺 वर्तमान में वे “सनसनी टाइम्स” YouTube चैनल एवं 🌐 SansaniTimes.in पोर्टल के संपादक के रूप में सक्रिय हैं।
✨ पहचान — बेबाक, तेज़ और सच को जनता तक पहुँचाने वाली पत्रकारिता।



