पत्नी ने प्रेमी संग रची पति की हत्या की साजिश, हादसा दिखाने की कोशिश; चिचोला पुलिस ने किया अंधे कत्ल का खुलासा

addtext 08 27 07.10.01

राजनांदगांव/चिचोला -जिले की पुलिस चौकी चिचोला ने एक सनसनीखेज अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पत्नी ने एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर अपने पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी। हत्या के बाद घटना को हादसे का रूप देने की कोशिश भी की गई।

पुलिस के अनुसार, प्रेमलाल साहू निवासी ग्राम रामपुर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिलने के बाद चौकी चिचोला पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। मृतक ग्राम महाराजपुर स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास एनएच-53 के किनारे गड्ढे में घायल अवस्था में मिला था। उसके मुंह, नाक और माथे पर गंभीर चोट के निशान थे। वहीं दाहिने हाथ की उंगली के पास खून लगा बड़ा मुरूम पत्थर पड़ा मिला, जिससे मामला संदिग्ध हो गया।

मोबाइल लोकेशन और पूछताछ से खुला राज

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ गवाहों, परिजनों और मोबाइल सीडीआर एवं लोकेशन की बारीकी से पड़ताल की।

जांच के दौरान पुलिस का संदेह नरबद साहू, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम पटपर पर गया। इसके बाद मृतक की पत्नी गंगोत्री साहू, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम रामपुर से भी पूछताछ की गई।

पुलिस का दावा है कि कड़ाई से पूछताछ में दोनों ने प्रेमलाल के सिर पर पत्थर मारकर उसकी हत्या करने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद हत्या को हादसा दिखाने का प्रयास किया गया था।

पत्नी और दूसरा आरोपी गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी गंगोत्री साहू और नरबद साहू को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 156/2026 के तहत धारा 103(1), 238, 3(5) बीएनएस के अंतर्गत कार्रवाई की है।

पुलिस टीम की अहम भूमिका

पूरे मामले के खुलासे में पुलिस चौकी चिचोला प्रभारी निरीक्षक योगेश पटेल, सउनि वीरेंद्र नाविक सहित पुलिस स्टाफ की भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और पूछताछ को आधार बनाकर पुलिस ने संदिग्ध मौत की गुत्थी सुलझाई।

Advertisement
Advertisement

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top