धमतरी जेल के सामने रील बनाना पड़ा भारी, पुलिस ने युवकों को गिरफ्तार कर भेजा उसी जेल में

addtext 08 21 10.21.28

धमतरी से सूरज साहू की रिपोर्ट

धमतरी। सोशल मीडिया पर रील बनाने का जुनून धमतरी के दो युवकों को भारी पड़ गया। उप जेल धमतरी के सामने रील बनाना दोनों को इतना महंगा पड़ा कि पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर उसी जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया, जिसके सामने वे वीडियो बना रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, संवेदनशील एवं सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों पर अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक धमतरी भावना पांडेय के निर्देश पर थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने उप जेल के सामने सार्वजनिक रूप से रील बना रहे दो युवकों के खिलाफ कार्रवाई की।

पहले समझाइश, फिर भी नहीं माने

पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि उप जेल धमतरी के सामने दो युवक मोबाइल से सोशल मीडिया के लिए रील बना रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। दोनों युवकों को जेल क्षेत्र की संवेदनशीलता और सुरक्षा व्यवस्था के बारे में समझाइश देते हुए वहां रील नहीं बनाने के लिए कहा गया।

पुलिस के अनुसार, समझाइश के बावजूद दोनों युवक आम जगह पर लोगों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावित करते हुए रील बनाते पाए गए। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।

दोनों युवकों को गिरफ्तार कर भेजा जेल

पुलिस ने शेख आसिफ (20), निवासी महंत घासीदास वार्ड, धमतरी और जसवंत सिंह हिरा (23), निवासी सुंदरगंज वार्ड, धमतरी के विरुद्ध धारा 170/126, 135 BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया। इसके बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। गिरफ्तारी की सूचना उनके परिजनों को भी दी गई।

पुलिस की सख्त चेतावनी

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जेल, न्यायालय, पुलिस कार्यालय और अन्य संवेदनशील एवं सुरक्षा से जुड़े स्थानों के आसपास अनावश्यक रूप से वीडियो या रील बनाकर सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावित न करें।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने के उत्साह में संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित करने वाले कृत्यों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

खास बात: जिस जेल के सामने दोनों युवक सोशल मीडिया पर रील बनाकर सुर्खियां बटोरना चाहते थे, आखिरकार पुलिस की कार्रवाई के बाद उन्हें उसी जेल की सलाखों के पीछे पहुंचना पड़ा।

Advertisement
Advertisement

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top