चाकू की नोक पर बाइक और नकदी लूटने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, लूटी बाइक समेत ₹1 लाख का माल बरामद

addtext 08 20 06.50.17

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी -चाकू की नोक पर मोटरसाइकिल और नकदी लूटने वाले तीन आरोपियों को चिल्हाटी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, नकदी और चोरी का वाटर पंप समेत करीब ₹1 लाख का मशरूका बरामद किया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त 2026 की रात ग्राम बुद्धि-बंजारी बाजार से सामान खरीदकर लौट रहे कुसुमकाश निवासी रामप्रसाद मांडवी को रास्ते में तीन युवकों ने रोक लिया। आरोपियों ने चाकू दिखाकर उसके साथ मारपीट की और उसकी मोटरसाइकिल तथा ₹2,000 नकद लूट लिए। साथ ही घटना की जानकारी किसी को देने पर धमकी भी दी।

पीड़ित की शिकायत पर थाना चिल्हाटी में अपराध क्रमांक 61/2026, धारा 309(6), 311 BNS के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू की गई।

पूछताछ में खुला लूट और चोरी का राज

जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर विश्वनाथ तरम, राकेश कुमार कमर और गोविंद राम कमर, तीनों निवासी हज्जू टोला, थाना चिल्हाटी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में तीनों ने मोटरसाइकिल लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके अलावा 11 अगस्त 2026 को ग्राम पांडूटोला से वाटर पंप चोरी करने की बात भी सामने आई।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई मोटरसाइकिल, ₹1,500 नकद और एक वाटर पंप बरामद किया। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। बरामद मशरूके की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹1 लाख बताई गई है।

जेल भेजे गए आरोपी

पुलिस ने तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर CGM न्यायालय, अंबागढ़ चौकी के समक्ष पेश किया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद आरोपियों को जिला जेल राजनांदगांव दाखिल कराया गया।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह के निर्देशन, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी नेहा पवार के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी चिल्हाटी उप निरीक्षक संजय मेरावी के नेतृत्व में की गई।

इनकी रही अहम भूमिका

कार्रवाई में PSI उमेश लहरे, सहायक उप निरीक्षक जगमोहन कुंजाम, मायाराम नेताम, प्रधान आरक्षक सुनील लहरे, परमेश्वर यादव तथा आरक्षक बसंत ध्रुव, हेमलाल ठाकुर, महेश मरिया और अश्वनी साहू का विशेष योगदान रहा।

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराधों पर नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Advertisement
Advertisement

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top