खड़गांव की महिला के खाते से ₹3.12 लाख पार, साइबर ठग तक पहुंची मोहला पुलिस; पश्चिम बंगाल से आरोपी गिरफ्तार

addtext 08 18 05.25.03

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। साइबर अपराधियों के खिलाफ मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। खड़गांव क्षेत्र की 52 वर्षीय महिला के बैंक खाते से फर्जी UPI ट्रांजैक्शन के जरिए ₹3 लाख 12 हजार 349 की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने पश्चिम बंगाल के टीटागढ़ से गिरफ्तार किया है। मामले में आरोपी से पूछताछ के आधार पर उसके अन्य साथियों की तलाश भी तेज कर दी गई है।

पांच दिनों में खाते से उड़ाए ₹3.12 लाख

पुलिस के मुताबिक, ग्राम बांको वार्ड नंबर 10 निवासी सुनिता निषाद (52) ने थाना खड़गांव में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, उनके छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक, शाखा खड़गांव के खाते से 10 दिसंबर से 14 दिसंबर 2025 के बीच अज्ञात व्यक्ति ने अलग-अलग UPI ट्रांजैक्शन के जरिए कुल ₹3,12,349 निकाल लिए।

शिकायत के बाद थाना खड़गांव में अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

तकनीकी साक्ष्यों ने पहुंचाया पश्चिम बंगाल

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह (भापुसे) के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने बैंकिंग और तकनीकी साक्ष्यों की बारीकी से पड़ताल की। जांच के दौरान साइबर ठगी के तार पश्चिम बंगाल तक पहुंचने के बाद पुलिस टीम ने वहां दबिश दी।

विशेष टीम ने टीटागढ़, थाना खरदा, जिला नॉर्थ 24 परगना, पश्चिम बंगाल से साइबर अपराध में कथित रूप से संलिप्त कृष्णा चौधरी को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में सामने आए अन्य साथियों के सुराग

गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को इस साइबर ठगी में शामिल अन्य लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। पुलिस अब आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस का कहना है कि इस मामले में केवल एक आरोपी की गिरफ्तारी तक कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी, बल्कि साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क का पता लगाकर इसमें शामिल प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पश्चिम बंगाल पहुंची तीन सदस्यीय पुलिस टीम

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मोहला पुलिस की टीम ने पश्चिम बंगाल जाकर कार्रवाई की। टीम में प्रशिक्षु उप निरीक्षक अब्दुल रियाज, सहायक उप निरीक्षक धनसिंग महिलांगे और आरक्षक आशीष जोगी शामिल रहे।

पुलिस की साइबर ठगी से बचने की अपील

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करें। साथ ही cybercrime.gov.in पर भी शिकायत दर्ज कराएं।

पुलिस ने लोगों को चेताया है कि किसी अनजान कॉल या मैसेज पर OTP, UPI PIN, ATM/बैंक डिटेल या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। थोड़ी सी सतर्कता साइबर ठगी से बचा सकती है।

Advertisement
Advertisement

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top