
पशुधन मित्र संघ ने डायरेक्टर समेत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के सामने रखी मांगें, 18 अगस्त को मुख्य सचिव से मुलाकात की तैयारी
रायपुर -छत्तीसगढ़ पशुधन विकास विभाग में कार्य आधारित मानदेय पर सेवाएं दे रहे पशुधन मित्रों, गौ सेवकों (PAIW) एवं मैत्री कार्यकर्ताओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विभाग के उच्च अधिकारियों से सौजन्य मुलाकात की। संघ के प्रांतीय पदाधिकारियों और विभिन्न जिलों से पहुंचे सदस्यों ने विभाग के अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं और मांगें विस्तार से रखीं।
पशुधन मित्र संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यकर्ता पिछले 26 वर्षों से विभाग के साथ जुड़कर लगातार सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें अब तक निश्चित मासिक मानदेय का लाभ नहीं मिल रहा है। संघ ने मांग की कि कार्यकर्ताओं को निश्चित और नियमित मासिक मानदेय प्रदान किया जाए, ताकि लंबे समय से सेवाएं दे रहे कार्यकर्ताओं को आर्थिक सुरक्षा मिल सके।
पशुधन सेवाओं में निभा रहे अहम भूमिका
संघ के मुताबिक पशुधन मित्र ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों और पशुधन विभाग के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं द्वारा कृत्रिम गर्भाधान, पशुओं का बधियाकरण, पशु चिकित्सा शिविरों में सहयोग, पशुधन सर्वेक्षण और पशुपालकों को जागरूक करने जैसे कार्य किए जा रहे हैं।
संघ का कहना है कि विभाग की योजनाओं और पशुपालकों तक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन इसके बावजूद उनकी आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा को लेकर अब भी कई सवाल बने हुए हैं।
बीमा और आर्थिक सुरक्षा की भी मांग
पशुधन मित्रों ने अधिकारियों के सामने कार्य के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं और मृत्यु की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। संघ ने कहा कि कई कार्यकर्ता सेवा के दौरान अपनी जान गंवा चुके हैं, लेकिन उनके परिवारों को किसी प्रकार की पर्याप्त सहायता नहीं मिल पाती।
संघ ने कार्यकर्ताओं के लिए बीमा सुविधा और सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग भी रखी है।
“कार्य आधारित मानदेय मिलता है, लेकिन नियमित नहीं”
संघ के पदाधिकारी धर्मेश अटनागर ने कहा कि पशुधन मित्र विभाग के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं को कार्य आधारित मानदेय मिलता है, लेकिन यह हर महीने नियमित रूप से नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा कि विभाग को सेवाएं देने वाले कार्यकर्ताओं के लिए एक निश्चित मासिक मानदेय की व्यवस्था की जानी चाहिए।
18 अगस्त को मुख्य सचिव से मुलाकात
संघ ने बताया कि अपनी मांगों को लेकर 18 अगस्त को छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव से भी मुलाकात की जाएगी। संघ के प्रांतीय पदाधिकारी इस दौरान पशुधन मित्रों की समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से रखेंगे।
इस मुलाकात में प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह राजपूत, सचिव पुष्पकांत शर्मा, कोषाध्यक्ष धर्मेश साहू, वरिष्ठ सलाहकार युवराज चौधरी, रायपुर संभाग अध्यक्ष दुलारू साहू, देवनारायण यादव, केशव साहू सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
अधिकारियों से सकारात्मक पहल की उम्मीद
संघ के प्रतिनिधियों ने विभाग के अधिकारियों से मुलाकात को महत्वपूर्ण बताते हुए उम्मीद जताई कि लंबे समय से सेवाएं दे रहे पशुधन मित्रों की मांगों पर सरकार गंभीरता से विचार करेगी और उन्हें नियमित मानदेय, बीमा एवं सामाजिक सुरक्षा का लाभ दिलाने की दिशा में ठोस पहल होगी।
यह जानकारी प्रांत मीडिया प्रभारी भूषण कुमार देवांगन ने दी।

🖋️ शशिकांत “सनसनी” देवांगन (शशि कुमार देवांगन)
👨👦 पिता: स्वर्गीय गिरधारी प्रसाद देवांगन
📍 पता: राजीव नगर, वार्ड नं. 42, बसंतपुर, राजनांदगांव, Chhattisgarh – 491441
📞 मोबाइल: 9406138940
📰 वर्ष 2010 से पत्रकारिता जगत में सक्रिय शशिकांत “सनसनी” देवांगन ने अपनी पहचान निर्भीक, निष्पक्ष और जनहित की पत्रकारिता से बनाई है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत समय दर्शन दैनिक अख़बार से राजनांदगांव जिला ब्यूरो चीफ के रूप में की। वर्ष 2012 में राजनांदगांव पत्रिका दैनिक से जुड़ने के बाद उन्हें “शशिकांत सनसनी” नाम से विशेष पहचान मिली।
🎙️ प्रिंट मीडिया के साथ-साथ उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में Swaraj Express, Lalluram.com, Anadi News, Sudarshan News, वंदे भारत न्यूज़ तथा AB News में स्पेशल रिपोर्टर और स्टेट हेड, Chhattisgarh के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाईं।
📺 वर्तमान में वे “सनसनी टाइम्स” YouTube चैनल एवं 🌐 SansaniTimes.in पोर्टल के संपादक के रूप में सक्रिय हैं।
✨ पहचान — बेबाक, तेज़ और सच को जनता तक पहुँचाने वाली पत्रकारिता।


