
रायपुर -बस्तर की धरती पर शांति, एकता और विकास का संदेश लेकर ‘बस्तर तिरंगा यात्रा 2026’ का बुधवार को नारायणपुर से भव्य आगाज हुआ। हायर सेकेंडरी स्कूल ग्राउंड से शुरू हुई इस यात्रा का नेतृत्व उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप ने बाइक पर सवार होकर हाथों में तिरंगा थामकर किया।
विभिन्न समाज प्रमुखों ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। यात्रा में बड़ी संख्या में युवा, जनप्रतिनिधि और नागरिक शामिल हुए। मंत्रियों ने यात्रा में शामिल बच्चों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और बस्तर में शांति एवं विकास के नए दौर का संदेश दिया।
नक्सल प्रभावित इलाकों में पहुंचेगा तिरंगा
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यह यात्रा उन इलाकों से होकर गुजर रही है, जो लंबे समय तक नक्सली हिंसा से प्रभावित रहे हैं। यात्रा का उद्देश्य इन क्षेत्रों में बदलते हालात और विकास की नई तस्वीर का संदेश देश-दुनिया तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि 14 अगस्त को बीजापुर जिले की कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर तिरंगा फहराकर यात्रा का समापन होगा।
विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर के दुर्गम गांवों में अब राष्ट्रीय पर्वों पर तिरंगा फहराया जा रहा है। उनके मुताबिक इस स्वतंत्रता दिवस पर बस्तर संभाग के 90 से अधिक ऐसे गांवों में पहली बार तिरंगा फहराया जाएगा, जहां आजादी के बाद अब तक राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया गया था।
‘पहले काला झंडा, अब हर घर में तिरंगा’
गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर में कभी राष्ट्रीय पर्वों के दौरान माओवादी फरमान जारी करते थे, लेकिन आज परिस्थितियां बदल रही हैं और हर घर में तिरंगा लहराने का वातावरण बन रहा है।
उन्होंने कहा कि बस्तर के लोगों और सुरक्षा बलों के साहस से क्षेत्र ने नक्सलवाद के खिलाफ लंबी लड़ाई लड़ी है। अब बस्तर की पहचान हिंसा से नहीं, बल्कि शांति, विकास, पर्यटन, शिक्षा और रोजगार से होगी।
उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि दुनिया बस्तर को नए रूप में जाने और बस्तर के लोग देश-दुनिया में अपनी नई पहचान बनाएं।
विकास का बिगुल, सड़क-शिक्षा से रोजगार तक फोकस
विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर में अब लोगों को मूलभूत सुविधाओं के साथ विकास और सुरक्षा का वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार सड़क, शिक्षा, कौशल विकास, लघु वनोपज के प्रसंस्करण और रोजगार के क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है।
उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर भी सख्त संदेश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शहादत की मिट्टी भी यात्रा में होगी शामिल
वन मंत्री एवं नारायणपुर विधायक केदार कश्यप ने कहा कि जिन इलाकों को कभी नक्सल गतिविधियों का केंद्र माना जाता था, आज उन्हीं क्षेत्रों से तिरंगा यात्रा निकल रही है।
उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान उन स्थानों की मिट्टी एकत्रित की जाएगी, जहां जवानों और नागरिकों ने शहादत दी है। इस मिट्टी का उपयोग भविष्य में बनने वाले स्मारक में किया जाएगा।
केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर अब नक्सलवाद से आगे निकलकर विकास और समृद्धि की दिशा में बढ़ रहा है।
तीन दिन में बस्तर के संवेदनशील इलाकों से गुजरेगी यात्रा
12 से 14 अगस्त तक चलने वाली बस्तर तिरंगा यात्रा अति संवेदनशील और लंबे समय तक माओवाद प्रभावित रहे इलाकों से होकर गुजरेगी।
पहला दिन: नारायणपुर से मुंजमेटा, झारागांव, धौड़ाई, कन्हारगांव, कड़ेनार, बोदली, सातधार और बारसूर होते हुए यात्रा दंतेवाड़ा पहुंची।
दूसरा दिन: दंतेवाड़ा से सुकमा और बीजापुर के विभिन्न नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से यात्रा गुजरेगी।
तीसरा दिन: बीजापुर से आवापल्ली, उसूर, गलगम, नंबी और ताड़पाला होते हुए यात्रा कर्रेगुट्टा पहाड़ी पहुंचेगी, जहां तिरंगा फहराकर इसका समापन होगा।
बस्तर की बदली तस्वीर का संदेश
बस्तर तिरंगा यात्रा केवल एक बाइक रैली नहीं, बल्कि नक्सल हिंसा से प्रभावित रहे इलाकों में शांति, सुरक्षा, राष्ट्रभक्ति और विकास की नई तस्वीर पेश करने की कोशिश के तौर पर देखी जा रही है। नारायणपुर से हाथों में तिरंगा लेकर निकली यह यात्रा 14 अगस्त को कर्रेगुट्टा की पहाड़ी पर तिरंगा फहराने के साथ एक बड़े संदेश के साथ समाप्त होगी—बस्तर अब विकास और शांति की राह पर आगे बढ़ रहा है।

🖋️ शशिकांत “सनसनी” देवांगन (शशि कुमार देवांगन)
👨👦 पिता: स्वर्गीय गिरधारी प्रसाद देवांगन
📍 पता: राजीव नगर, वार्ड नं. 42, बसंतपुर, राजनांदगांव, Chhattisgarh – 491441
📞 मोबाइल: 9406138940
📰 वर्ष 2010 से पत्रकारिता जगत में सक्रिय शशिकांत “सनसनी” देवांगन ने अपनी पहचान निर्भीक, निष्पक्ष और जनहित की पत्रकारिता से बनाई है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत समय दर्शन दैनिक अख़बार से राजनांदगांव जिला ब्यूरो चीफ के रूप में की। वर्ष 2012 में राजनांदगांव पत्रिका दैनिक से जुड़ने के बाद उन्हें “शशिकांत सनसनी” नाम से विशेष पहचान मिली।
🎙️ प्रिंट मीडिया के साथ-साथ उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में Swaraj Express, Lalluram.com, Anadi News, Sudarshan News, वंदे भारत न्यूज़ तथा AB News में स्पेशल रिपोर्टर और स्टेट हेड, Chhattisgarh के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाईं।
📺 वर्तमान में वे “सनसनी टाइम्स” YouTube चैनल एवं 🌐 SansaniTimes.in पोर्टल के संपादक के रूप में सक्रिय हैं।
✨ पहचान — बेबाक, तेज़ और सच को जनता तक पहुँचाने वाली पत्रकारिता।


