शराब और जुए की लत ने उजाड़ा परिवार: पत्नी ने जुए के लिए पैसे देने से किया इनकार, पेंटर ने फांसी लगाकर दी जान

addtext 08 09 06.46.01

रायगढ़ के जूटमिल थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। शराब और जुए की कथित लत ने एक हंसते-खेलते परिवार को गहरे संकट में धकेल दिया। शराब के नशे में घर पहुंचे 35 वर्षीय पेंटर ने पत्नी से जुआ खेलने के लिए पैसे मांगे। पत्नी ने बच्चों की जरूरतों को देखते हुए पैसे देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और कुछ ही देर बाद युवक ने कमरे में जाकर फांसी लगा ली। इस घटना में उसकी तीन मासूम बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया।
शराब के नशे में घर पहुंचा था अशोक
जानकारी के मुताबिक, गढ़उमरिया के पुसौर रोड स्थित बिजली दफ्तर के पास एक किराए के मकान में 35 वर्षीय अशोक बघेल अपनी पत्नी और तीन बेटियों के साथ रहता था। वह पुताई का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था।
बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात अशोक शराब के नशे में घर पहुंचा। घर आते ही उसने जुआ खेलने के लिए पत्नी से पैसे मांगे। पत्नी ने घर की आर्थिक स्थिति और बच्चों की जरूरतों को देखते हुए पैसे देने से इनकार कर दिया।
पैसे नहीं मिले तो कमरे में बंद कर लिया खुद को
पैसे देने से इनकार करने के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान अशोक गुस्से में कमरे के अंदर चला गया और दरवाजा भीतर से बंद कर लिया।
कुछ देर तक कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर पत्नी को अनहोनी की आशंका हुई। खिड़की से देखने पर उसके होश उड़ गए। अशोक फंदे पर लटका हुआ था।
पड़ोसियों की मदद से अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर जूटमिल थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने अशोक को फंदे से उतारकर तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
तीन मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
अशोक की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पीछे पत्नी और तीन छोटी बेटियां रह गई हैं। परिवार के सामने अब आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।
घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। जूटमिल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नशा और जुआ बना परिवार के लिए त्रासदी
यह घटना एक बार फिर शराब और जुए की लत के गंभीर सामाजिक दुष्परिणामों को सामने लाती है। एक छोटी-सी घरेलू बहस ने देखते ही देखते ऐसा रूप ले लिया कि तीन मासूम बच्चियां पिता को हमेशा के लिए खो बैठीं। परिवार के लिए यह हादसा जिंदगी भर का दर्द बन गया है।

Advertisement
Advertisement

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top