स्कूली बच्चों की जान से खिलवाड़! पानी की टंकी चेक कराने छत पर चढ़ाया, पास से गुजर रही थी हाईटेंशन लाइन

गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर ब्लॉक स्थित मिडिल स्कूल कोसमखूंटा में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल के प्रधान पाठक सुशील दीवान ने विद्यार्थियों को पानी की टंकी में पानी की स्थिति जांचने के लिए स्कूल की छत पर चढ़ा दिया।
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों में चिंता और नाराजगी बढ़ गई है। फोटो में बच्चे बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के दीवार के सहारे छत पर चढ़ते दिखाई दे रहे हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि स्कूल की छत के बिल्कुल पास से हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बच्चों का संतुलन बिगड़ जाता या बिजली लाइन के संपर्क में आ जाते, तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर बच्चों से इतना जोखिम भरा काम क्यों कराया गया और स्कूल प्रबंधन ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी क्यों की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) हेमंत साहू ने जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं, प्रधान पाठक सुशील दीवान ने अपने पक्ष में सफाई भी दी है।
अब यह मामला शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर रहा है। अभिभावकों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

मिडिल स्कूल कोसमखूंटा का मामला।
बच्चों को पानी की टंकी जांचने छत पर चढ़ाया गया।
कोई सुरक्षा व्यवस्था या सीढ़ी उपलब्ध नहीं थी।
छत के पास से गुजर रही थी हाईटेंशन बिजली लाइन।
BEO ने जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए।
स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल।

Advertisement
Advertisement

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top