पखांजूर: मलेरिया का कहर, इलाज के लिए उफनती नदी पार करने को मजबूर ग्रामीण; गोद में बीमार मासूम Subh डोंगी का इंतजार करती मां की तस्वीर ने बयां की बेबसी

addtext 08 03 09.40.36

पखांजूर: मलेरिया का कहर, इलाज के लिए उफनती नदी पार करने को मजबूर ग्रामीण; गोद में बीमार मासूम Subh डोंगी का इंतजार करती मां की तस्वीर ने बयां की बेबसी
पाखंजूर से देवजीत देवनाथ की रिपोर्ट
पखांजूर – कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा विकासखंड के दूरस्थ आदिवासी क्षेत्र से स्वास्थ्य व्यवस्था की चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। ग्राम पंचायत कंदाड़ी के आश्रित गांव खैरीपदर में एक मां अपने तेज बुखार से तपते मासूम बेटे को गोद में लेकर उफनती नदी किनारे घंटों डोंगी का इंतजार करती रही। यह दृश्य न केवल एक परिवार की मजबूरी, बल्कि क्षेत्र की बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं की गंभीर हकीकत को उजागर करता है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में इन दिनों मलेरिया का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। गांव-गांव में बुखार के मरीज मिल रहे हैं और बड़ी संख्या में लोग मलेरिया पॉजिटिव पाए जा रहे हैं। पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं होने के कारण ग्रामीणों को इलाज के लिए अपनी जान जोखिम में डालकर उफनती नदी पार करनी पड़ रही है।
खैरीपदर निवासी रामलाल के परिजनों ने बताया कि मरीज पिछले चार दिनों से तेज बुखार से पीड़ित था। छोटेबेठिया में जांच कराने पर मलेरिया की पुष्टि हुई। इलाज के बाद जब परिवार वापस गांव लौट रहा था, तब नदी का जलस्तर बढ़ा होने के कारण उन्हें घंटों तक डोंगी का इंतजार करना पड़ा।
कंदाड़ी पंचायत के खैरीपदर, आमाटोला, आलदंड, बेहिबेड़ा, कल्पर और हिदहूर सहित दर्जनों गांवों के लोग रोज इसी कठिनाई का सामना कर रहे हैं। सरकारी स्वास्थ्य केंद्र दूर होने के कारण अधिकांश ग्रामीण छोटेबेठिया के निजी चिकित्सकों और मेडिकल स्टोरों से महंगा इलाज कराने को मजबूर हैं। आर्थिक रूप से कमजोर आदिवासी परिवारों के लिए यह अतिरिक्त खर्च बड़ी चुनौती बन गया है।
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित गांवों में तत्काल स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएं, मलेरिया नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया जाए तथा बरसात के दौरान आवागमन की सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि इलाज के अभाव में किसी की जान खतरे में न पड़े।

Advertisement
Advertisement

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top