खड़गांव पुलिस की अनूठी पहल: 300 से अधिक विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, नए कानून और सामाजिक जिम्मेदारी का दिया पाठ

addtext 08 01 05.51.17


मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी | 1 अगस्त 2026
सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत बनाने की दिशा में थाना खड़गांव पुलिस ने शनिवार को स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम एवं हिन्दी मीडियम विद्यालय, खड़गांव में एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में 300 से अधिक छात्र-छात्राओं, 20 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यालयीन स्टाफ ने भाग लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाई.पी. सिंह (IPS) के निर्देशन, एसडीओपी मानपुर विनोद कुमार मिंज के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील त्रिपाठी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, नए आपराधिक कानूनों, यातायात नियमों और जिम्मेदार नागरिक बनने के प्रति जागरूक करना था।
सरदार पटेल के आदर्शों से कराया परिचय
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान तथा राष्ट्रीय एकता और अखंडता के लिए किए गए कार्यों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को उनके अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने वाले व्यक्तित्व से प्रेरणा लेने का संदेश भी दिया गया।
साइबर ठगी और नए कानूनों की दी जानकारी
पुलिस अधिकारियों ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, यूपीआई फ्रॉड और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी से बचने के उपाय विस्तार से बताए।
विद्यार्थियों को राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल, साइबर हेल्पलाइन 1930 और आपातकालीन सेवा 112 की जानकारी देते हुए किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।
संदिग्ध विदेशी नागरिकों की सूचना देने की अपील
कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने आमजन से अपील की कि यदि क्षेत्र में कोई संदिग्ध बाहरी व्यक्ति, विदेशी नागरिक, बांग्लादेशी अथवा रोहिंग्या अवैध रूप से निवास या कार्य करते दिखाई दें तो इसकी सूचना टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 या नजदीकी पुलिस थाना को दें। इस संबंध में पंचायत भवन, तहसील कार्यालय, शासकीय अस्पताल और ग्रामीण बैंक सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता पोस्टर भी लगाए गए।
नुक्कड़ नाटक से दिया जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम में समर्पित गरीबी उन्मूलन एवं सामाजिक अनुसंधान संस्थान के सहयोग से विद्यार्थियों ने साइबर अपराध, सामाजिक जागरूकता और नागरिक कर्तव्यों पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सराहा।
कार्यक्रम के अंत में थाना खड़गांव पुलिस ने सभी विद्यार्थियों से कानून का सम्मान करने, यातायात नियमों का पालन करने, साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। कार्यक्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार त्रिपाठी, उप निरीक्षक अ. रियाज (प्रशिक्षु), आरक्षक आशीष जोगी, नर्मदा पैकरा और महेन्द्र ध्रुव उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top