स्वामित्व कार्ड से ग्रामीणों को मिला मालिकाना हक, आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता की नई पहचान: डॉ. रमन सिंह

addtext 07 20 09.33.41

150 हितग्राहियों को बांटे प्रॉपर्टी कार्ड, एम्बुलेंस व स्वच्छता वाहन को दिखाई हरी झंडी; सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने की अपील
राजनांदगांव, 20 जुलाई 2026। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि स्वामित्व कार्ड केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि ग्रामीणों के आत्मसम्मान, आत्मनिर्भरता और कानूनी अधिकार की पहचान है। उन्होंने यह बात स्पीकर निवास में आयोजित स्वामित्व योजना के तहत प्रॉपर्टी कार्ड वितरण कार्यक्रम में कही।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. रमन सिंह ने राजनांदगांव विकासखंड के ईरा, मनकी, आरला, बांकल और कुसमी गांवों के 150 हितग्राहियों को स्वामित्व कार्ड वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के लिए उपलब्ध कराई गई एम्बुलेंस और स्वच्छता वाहन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
ड्रोन सर्वे से तैयार हुआ डिजिटल रिकॉर्ड
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2020 में शुरू की गई स्वामित्व योजना के तहत ड्रोन सर्वे और डिजिटल मैपिंग के माध्यम से गांवों की आबादी भूमि का सटीक रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों को उनकी संपत्ति का कानूनी प्रमाण मिलेगा और भूमि विवादों में कमी आएगी।
बैंक ऋण और सोलर योजना का मिलेगा लाभ
उन्होंने कहा कि स्वामित्व कार्ड के आधार पर ग्रामीण आसानी से बैंक से ऋण प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर संयंत्र लगाकर बिजली बिल शून्य करने और अतिरिक्त बिजली बेचकर आय अर्जित करने का भी अवसर मिलेगा।
654 गांवों में बनेंगे प्रॉपर्टी कार्ड
कलेक्टर जितेंद्र यादव ने बताया कि जिले के 654 गांवों में प्रॉपर्टी कार्ड तैयार किए जाने हैं। इनमें से 186 गांवों का अंतिम प्रकाशन पूरा हो चुका है। इससे पहले 24 गांवों के 1,283 हितग्राहियों को प्रॉपर्टी कार्ड वितरित किए जा चुके हैं, जबकि सोमवार को 5 गांवों के 150 हितग्राहियों को कार्ड सौंपे गए।
उन्होंने बताया कि इस योजना से ग्रामीणों को संपत्ति पर कानूनी अधिकार मिलने के साथ बैंक ऋण लेने में सुविधा होगी, भूमि विवाद कम होंगे और पंचायतों के पास गांवों का डिजिटल रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा। साथ ही पति-पत्नी दोनों के नाम दर्ज होने से महिलाओं को भी संपत्ति में समान अधिकार मिलेगा।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष सचिन बघेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिमा चंद्राकर, जिला पंचायत सीईओ दुर्गा प्रसाद अधिकारी सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top