राजनांदगांव रेंज में अपराधियों पर सख्ती होगी, जनता को मिलेगी त्वरित सुनवाई: नए आईजी अजय यादव

addtext 07 13 11.49.21


राजनांदगांव _वर्ष 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी अजय यादव ने राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) का पदभार संभालने के बाद स्पष्ट किया है कि उनकी प्राथमिकता बेसिक पुलिसिंग को मजबूत करना, कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाना और आम जनता की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना होगा।
पदभार ग्रहण करने के बाद आईजी अजय यादव ने कहा कि वे राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी सहित रेंज के सभी जिलों का नियमित भ्रमण करेंगे। इस दौरान अपराध की समीक्षा, पुलिस कार्यप्रणाली का आकलन और कमियों को दूर करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि जुआ, सट्टा, अवैध शराब, गंभीर अपराध और संगठित अपराध के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाएगा। अपराध की रोकथाम के लिए पुलिस की सक्रियता बढ़ाई जाएगी और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई होगी।
आईजी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि थानों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की शिकायत को गंभीरता से सुना जाए और उसका समय पर निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस को शासन के नियमों के अनुरूप संवेदनशील, जवाबदेह और जनहित में कार्य करना चाहिए।
यातायात व्यवस्था को लेकर भी आईजी ने विशेष रणनीति बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक सिग्नल, सीसीटीवी कैमरों और आधुनिक तकनीक का बेहतर उपयोग किया जाएगा। साथ ही समय-समय पर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।
अवैध शराब के परिवहन और कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए विशेष अभियान संचालित किए जाएंगे। वहीं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के पुनर्वास को भी प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि उन्हें मुख्यधारा से जोड़कर स्थायी रोजगार और सम्मानजनक जीवन मिल सके।
आईजी अजय यादव ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि जनता का विश्वास जीतना भी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा, त्वरित न्याय और अपराध मुक्त वातावरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।

Advertisement
Advertisement

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top