राजनांदगांव | शशिकांत देवांगन | 22 जून 2026
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को अपने एक दिवसीय राजनांदगांव प्रवास के दौरान स्टेट हाई स्कूल मैदान में आयोजित प्रगतिशील किसान सम्मेलन में हिस्सा लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जिले को 510 करोड़ 89 लाख 16 हजार रुपये की लागत से निर्मित एवं प्रस्तावित 333 विकास कार्यों की सौगात दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, महिला कृषक, जनप्रतिनिधि, सरपंच, कृषि विस्तार अधिकारी एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री के साथ कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष एवं राजनांदगांव विधायक डॉ. रमन सिंह, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव सहित जिले के जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
प्रगतिशील किसान सम्मेलन का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री का पारंपरिक खुमरी पहनाकर स्वागत किया गया, जबकि किसानों ने गमछा भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री ने जिले के विकास को नई गति देते हुए कुल 333 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें 194 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए 107 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 316 करोड़ 88 लाख 40 हजार रुपये की लागत के 226 नए विकास कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
गांव, गरीब और किसान सरकार की प्राथमिकता : मुख्यमंत्री
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि उनकी सरकार गांव, गरीब और किसानों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को धरातल पर उतारने का कार्य कर रही है और प्रत्येक वर्ग तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य एवं डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने अटल डिजिटल सेवा केंद्रों और ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि अब नागरिकों को कई सुविधाएं घर बैठे उपलब्ध हो रही हैं।
जल संरक्षण और कृषि विकास पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में जल संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जल संसाधनों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने और शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने का आह्वान किया।
नक्सल उन्मूलन और सुशासन पर भी की चर्चा
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने बस्तर क्षेत्र में नक्सल उन्मूलन की दिशा में हुई प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार विकास, सुरक्षा और सुशासन के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शांति और विकास का वातावरण स्थापित करने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है।
राजनांदगांव की बेटी महक नरवासे को दी बधाई
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजनांदगांव की बेटी महक नरवासे के भारतीय महिला अंडर-19 क्रिकेट टीम की उपकप्तान चुने जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर रही हैं।
प्रगतिशील किसानों और कृषि अधिकारियों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले के प्रगतिशील किसानों, किसान दीदियों, सरपंचों तथा कृषि विस्तार अधिकारियों को सम्मानित किया। वहीं जिला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
सम्मेलन में किसानों ने कृषि क्षेत्र में शासन द्वारा संचालित योजनाओं और विकास कार्यों के प्रति संतोष व्यक्त किया तथा सरकार की किसान हितैषी नीतियों की सराहना की।




🖋️ शशिकांत “सनसनी” देवांगन (शशि कुमार देवांगन)
👨👦 पिता: स्वर्गीय गिरधारी प्रसाद देवांगन
📍 पता: राजीव नगर, वार्ड नं. 42, बसंतपुर, राजनांदगांव, Chhattisgarh – 491441
📞 मोबाइल: 9406138940
📰 वर्ष 2010 से पत्रकारिता जगत में सक्रिय शशिकांत “सनसनी” देवांगन ने अपनी पहचान निर्भीक, निष्पक्ष और जनहित की पत्रकारिता से बनाई है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत समय दर्शन दैनिक अख़बार से राजनांदगांव जिला ब्यूरो चीफ के रूप में की। वर्ष 2012 में राजनांदगांव पत्रिका दैनिक से जुड़ने के बाद उन्हें “शशिकांत सनसनी” नाम से विशेष पहचान मिली।
🎙️ प्रिंट मीडिया के साथ-साथ उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में Swaraj Express, Lalluram.com, Anadi News, Sudarshan News, वंदे भारत न्यूज़ तथा AB News में स्पेशल रिपोर्टर और स्टेट हेड, Chhattisgarh के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाईं।
📺 वर्तमान में वे “सनसनी टाइम्स” YouTube चैनल एवं 🌐 SansaniTimes.in पोर्टल के संपादक के रूप में सक्रिय हैं।
✨ पहचान — बेबाक, तेज़ और सच को जनता तक पहुँचाने वाली पत्रकारिता।



