मनगटा युवती मौत मामले में बड़ा खुलासा: जबरन शराब पिलाकर दुष्कर्म का आरोप, तीन आरोपी गिरफ्तार, व्हाइसलिंगवुड्स रिसोर्ट सील

addtext 06 21 12.28.40

राजनांदगांव। जिले के बहुचर्चित मनगटा युवती मौत मामले में राजनांदगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि 24 वर्षीय युवती को जबरन शराब पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटना से जुड़े व्हाइसलिंगवुड्स रिसोर्ट को भी सील कर दिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले के रिसोर्ट और होटल संचालकों के लिए एक कड़ा संदेश माना जा रहा है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 जून 2026 को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेंड्री से एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु की सूचना प्राप्त होने के बाद थाना सोमनी में मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की गई थी। मृतिका का पोस्टमार्टम कराया गया तथा मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना सोमनी एवं साइबर सेल की संयुक्त विशेष जांच टीम गठित की गई।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो एवं वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में जांच को आगे बढ़ाया गया। जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, परिजनों से पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अध्ययन से कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए।

पुलिस जांच के अनुसार आरोपी आशुतोष हिरवानी उर्फ आशु, छत्रपाल उर्फ बल्लू देशमुख तथा घनश्याम बेलचंदन ने मिलकर युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। आरोप है कि रायपुर ले जाने के दौरान रास्ते में युवती को जबरन शराब पिलाई गई। इसके बाद उसे मनगटा स्थित व्हाइसलिंगवुड्स रिसोर्ट ले जाया गया, जहां उसकी नशे की हालत का फायदा उठाते हुए मुख्य आरोपी द्वारा जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए। पुलिस का दावा है कि इस दौरान युवती को चोटें भी पहुंची थीं।

मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64, 115(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों, डिजिटल विश्लेषण और वैज्ञानिक जांच के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।

गिरफ्तार आरोपियों में आशुतोष हिरवानी उर्फ आशु (26 वर्ष) निवासी बुचीभरदा, थाना बसंतपुर, छत्रपाल उर्फ बल्लू देशमुख (25 वर्ष) निवासी टेड़ेसरा, थाना सोमनी तथा घनश्याम बेलचंदन (25 वर्ष) निवासी निकुम, थाना अंडा, जिला दुर्ग शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं घटना से जुड़े व्हाइसलिंगवुड्स रिसोर्ट को भी नियमानुसार सील कर दिया गया है। मामले की विवेचना अभी जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

मनगटा युवती मौत प्रकरण में हुई इस त्वरित कार्रवाई ने जिले भर में चर्चा का विषय बना दिया है। एक ओर जहां गंभीर आरोपों के बीच पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं दूसरी ओर रिसोर्ट को सील किए जाने की कार्रवाई को सुरक्षा मानकों और कानूनी जिम्मेदारियों को लेकर प्रशासन का सख्त संदेश माना जा रहा है। अब सभी की नजरें मामले की आगामी न्यायिक और जांच प्रक्रिया पर टिकी हुई हैं।

रिपोर्ट: शशिकांत देवांगन
Sansani Times | राजनांदगांव

Advertisement
Advertisement

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top