भाजपा नेता की व्याख्याता पत्नी पर विभागीय कार्रवाई, तीर्थ दर्शन योजना में गड़बड़ी के आरोप सही पाए गए

addtext 05 21 11.46.31

महासमुंद | Sansani Times

महासमुंद जिले में मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के कथित दुरुपयोग को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। शासकीय उच्च माध्यमिक शाला बेमचा में पदस्थ व्याख्याता श्रीमती किरण पटेल के खिलाफ विभागीय जांच में गंभीर आरोप प्रमाणित पाए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद शिक्षा विभाग ने उनके वेतन से राशि वसूली करने और एक वर्ष की वेतन वृद्धि रोकने की कार्रवाई की है। इस पूरे मामले में भाजपा नेता पवन पटेल और उनके परिजनों के नाम भी सामने आने से राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

शिकायत से खुला मामला

जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ नागरिक कल्याण समिति के सदस्य एवं पूर्व पार्षद पंकज साहू ने मुख्य सचिव स्कूल शिक्षा विभाग, लोक शिक्षण संचालनालय, कलेक्टर महासमुंद और जिला शिक्षा अधिकारी को लिखित शिकायत भेजी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि शासकीय सेवा में रहते हुए भी व्याख्याता किरण पटेल ने मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का लाभ लेने के लिए स्वयं को शासकीय सेवक नहीं बताते हुए कथित रूप से गलत घोषणा पत्र प्रस्तुत किया।

शिकायतकर्ता का कहना है कि यह पूरा मामला सरकारी योजना का अनुचित लाभ लेने और दस्तावेजों में गलत जानकारी देने से जुड़ा हुआ है।

1001982336

प्रयागराज-काशी यात्रा में शामिल हुए परिजन

बताया जा रहा है कि 27 अक्टूबर 2025 से 31 अक्टूबर 2025 तक महासमुंद जिले से समाज कल्याण विभाग द्वारा प्रयागराज, काशी विश्वनाथ और हनुमान मंदिर की तीर्थ यात्रा कराई गई थी। आरोप है कि इसी यात्रा में किरण पटेल ने अपने पति भाजपा नेता पवन पटेल, रिश्तेदारों और अन्य परिजनों को भी योजना का लाभ दिलाया, जबकि वे पात्रता की श्रेणी में नहीं आते थे।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि आवेदन के दौरान दिए गए घोषणा पत्र में किरण पटेल ने स्वयं को शासकीय सेवक नहीं बताया, जबकि वे वर्तमान में शासकीय स्कूल में व्याख्याता के पद पर पदस्थ हैं। इसके अलावा खुद को बीपीएल श्रेणी में दर्शाकर योजना का लाभ लेने का भी आरोप लगाया गया है।

विभागीय जांच में आरोप सही पाए गए

30 दिसंबर 2025 को शिकायत दर्ज होने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए संचालनालय स्तर पर जांच प्रारंभ की गई। इसके बाद संबंधित व्याख्याता को आरोप पत्र जारी कर जवाब मांगा गया था।

विभागीय जांच पूरी होने के बाद आरोप प्रमाणित पाए गए। इसके आधार पर 15 मई 2026 को शिक्षा विभाग ने आदेश जारी करते हुए तीर्थ यात्रा में हुए खर्च की राशि शासकीय खजाने में जमा कराने, सर्विस बुक में प्रविष्टि करने तथा एक वर्ष की वेतन वृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकने की कार्रवाई की है।

भाजपा नेता पर भी कार्रवाई की मांग

मामले में शिकायतकर्ता पंकज साहू ने भाजपा नेता पवन पटेल के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने नगर पालिका अधिनियम की धारा 41 के तहत पद से हटाने के लिए कलेक्टर महासमुंद के समक्ष प्रकरण प्रस्तुत किया है। सूत्रों के मुताबिक इस मामले में प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया जारी है।

इसके अलावा शिकायतकर्ता अब थाना महासमुंद में आपराधिक प्रकरण दर्ज कराने के लिए भी आवेदन देने की तैयारी कर रहे हैं। यदि ऐसा होता है तो मामला प्रशासनिक कार्रवाई से आगे बढ़कर आपराधिक जांच तक पहुंच सकता है।

राजनीतिक गलियारों में बढ़ी हलचल

सरकारी योजना में कथित गड़बड़ी और भाजपा नेता के परिवार का नाम सामने आने के बाद जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। विपक्षी दल इस मामले को भ्रष्टाचार और प्रभाव का दुरुपयोग बताते हुए सरकार और प्रशासन पर सवाल उठा रहे हैं। वहीं अब सभी की नजर इस बात पर है कि प्रशासन आगे इस मामले में क्या कदम उठाता है।

Advertisement
Advertisement

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top