शिक्षा के मंदिर में ‘जाम’! नशे में स्कूल पहुंचा शिक्षक, बच्चों के निवाले पर भी सवाल; गरियाबंद के मैनपुर से सामने आई शर्मनाक तस्वीर

addtext 09 03 06.54.23

ज्ञान ज्योति प्राथमिक शाला कामारपारा का मामला, शिक्षक पर महुआ शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का आरोप; PM पोषण योजना के मेन्यू की अनदेखी का भी ग्रामीणों ने लगाया आरोप

गरियाबंद। जिले के मैनपुर विकासखंड से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत भाटापानी स्थित ज्ञान ज्योति प्राथमिक शाला कामारपारा में पदस्थ शिक्षक सतीश कुमार दुबे पर महुआ शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का गंभीर आरोप लगा है। स्कूल समय में शिक्षक के नशे में होने की तस्वीरें सामने आने के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों में नाराजगी है।

ग्रामीणों का आरोप है कि जिस शिक्षक की जिम्मेदारी बच्चों को शिक्षा और संस्कार देने की है, वही शिक्षक कथित तौर पर शराब के नशे में स्कूल पहुंच गए। इससे स्कूल की शैक्षणिक व्यवस्था और बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

मध्याह्न भोजन व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल

मामला सिर्फ शिक्षक के नशे में स्कूल पहुंचने तक सीमित नहीं है। ग्रामीणों ने स्कूल में संचालित PM पोषण योजना के तहत मिलने वाले मध्याह्न भोजन की व्यवस्था पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।

ग्रामीणों के मुताबिक बच्चों को निर्धारित साप्ताहिक मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं दिया जा रहा है और कई बार सिर्फ दाल-चावल परोसकर खानापूर्ति की जा रही है। आरोप है कि बच्चों की थाली से सब्जी और अन्य निर्धारित पोषक सामग्री गायब रहती है।

यदि ग्रामीणों के आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह सीधे तौर पर बच्चों के पोषण और सरकारी योजना के क्रियान्वयन से जुड़ा गंभीर मामला होगा।

ग्रामीणों में आक्रोश, जांच और कार्रवाई की मांग

शिक्षक के कथित नशे में स्कूल पहुंचने और मध्याह्न भोजन में कथित अनियमितता को लेकर ग्रामीणों और अभिभावकों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वाले जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

अब बड़ा सवाल यह है कि क्या शिक्षा विभाग इस मामले को गंभीरता से लेते हुए स्कूल की जांच कराएगा? क्या शिक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी? और क्या PM पोषण योजना के तहत बच्चों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता एवं मेन्यू की जांच की जाएगी?

मैनपुर के इस स्कूल से सामने आई तस्वीरें शिक्षा व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। अब निगाहें जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं।

नोट: शिक्षक के संबंध में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि तथा विभागीय पक्ष सामने आना बाकी है।

Advertisement
Advertisement

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top