
खेल सामग्री खरीदी में ₹52.91 लाख की वित्तीय गड़बड़ी, सहायक संचालक अल्बियुस एक्का सस्पेंड
कलेक्टर की संयुक्त जांच में खुली अनियमितताओं की परतें, वित्तीय अधिकारों की सीमा लांघकर खरीदी का आरोप; विभागीय जांच के लिए खेल सचिव को भेजा प्रस्ताव
राजनांदगांव। खेल एवं युवा कल्याण विभाग में खेल सामग्री की खरीदी को लेकर बड़ी वित्तीय अनियमितता सामने आई है। संयुक्त जांच में करीब ₹52.91 लाख की खरीदी प्रक्रिया में गंभीर गड़बड़ियां पाए जाने के बाद कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण विभाग अल्बियुस एक्का को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय जांच संस्थित करने के लिए सचिव, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन को प्रस्ताव भेजा गया है।
वित्तीय अधिकारों की सीमा का अतिक्रमण
कलेक्टर के निर्देश पर अनुविभागीय राजस्व अधिकारी एवं दण्डाधिकारी राजनांदगांव तथा वरिष्ठ जिला कोषालय अधिकारी राजनांदगांव द्वारा खेल एवं युवा कल्याण विभाग में खेल सामग्री की खरीदी की संयुक्त जांच की गई।
जांच प्रतिवेदन के मुताबिक वित्तीय वर्ष 2018-19 से 2026-27 तक विभिन्न योजनाओं के तहत सहायक संचालक अल्बियुस एक्का द्वारा करीब ₹52 लाख 91 हजार की राशि खर्च की गई। जांच में आरोप है कि कई खरीदी में उन्होंने अपने वित्तीय अधिकारों की सीमा का अतिक्रमण किया और कलेक्टर एवं सक्षम वित्तीय प्राधिकारी की स्वीकृति के बिना खरीदी की प्रक्रिया आगे बढ़ाई।
निविदा और GeM प्रक्रिया भी नहीं अपनाने का आरोप
जांच के दौरान खरीदी प्रक्रिया में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। रिपोर्ट के अनुसार—
- निर्धारित निविदा प्रक्रिया नहीं अपनाई गई।
- GeM (Government e-Marketplace) प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया।
- निर्धारित नियमों के अनुसार क्रय समिति का गठन नहीं किया गया।
- स्थानीय विक्रेताओं से सीधे खेल सामग्री खरीदी गई।
- खरीदी गई सामग्री का भौतिक सत्यापन नहीं कराया गया।
- संबंधित अभिलेखों का समुचित संधारण नहीं किया गया।
- वित्तीय अधिकारों और स्वीकृति संबंधी नियमों के पालन में भी गंभीर लापरवाही पाई गई।
जांच के बाद कलेक्टर ने लिया बड़ा एक्शन
संयुक्त जांच प्रतिवेदन में सामने आई अनियमितताओं को गंभीर मानते हुए कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने सहायक संचालक अल्बियुस एक्का के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है। वहीं मामले में आगे की विस्तृत जांच के लिए विभागीय जांच संस्थित करने की अनुशंसा की गई है।
इसके लिए कलेक्टर की ओर से सचिव, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है।
अब विभागीय जांच में खुलेगा पूरा हिसाब
₹52.91 लाख की खेल सामग्री खरीदी में सामने आई इन अनियमितताओं के बाद अब विभागीय जांच पर नजर रहेगी। जांच में यह स्पष्ट होगा कि खरीदी प्रक्रिया में नियमों का उल्लंघन किस स्तर पर हुआ और इसके लिए जिम्मेदारी किसकी तय होती है। फिलहाल कलेक्टर की कार्रवाई के बाद खेल एवं युवा कल्याण विभाग की खरीदी व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

🖋️ शशिकांत “सनसनी” देवांगन (शशि कुमार देवांगन)
👨👦 पिता: स्वर्गीय गिरधारी प्रसाद देवांगन
📍 पता: राजीव नगर, वार्ड नं. 42, बसंतपुर, राजनांदगांव, Chhattisgarh – 491441
📞 मोबाइल: 9406138940
📰 वर्ष 2010 से पत्रकारिता जगत में सक्रिय शशिकांत “सनसनी” देवांगन ने अपनी पहचान निर्भीक, निष्पक्ष और जनहित की पत्रकारिता से बनाई है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत समय दर्शन दैनिक अख़बार से राजनांदगांव जिला ब्यूरो चीफ के रूप में की। वर्ष 2012 में राजनांदगांव पत्रिका दैनिक से जुड़ने के बाद उन्हें “शशिकांत सनसनी” नाम से विशेष पहचान मिली।
🎙️ प्रिंट मीडिया के साथ-साथ उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में Swaraj Express, Lalluram.com, Anadi News, Sudarshan News, वंदे भारत न्यूज़ तथा AB News में स्पेशल रिपोर्टर और स्टेट हेड, Chhattisgarh के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाईं।
📺 वर्तमान में वे “सनसनी टाइम्स” YouTube चैनल एवं 🌐 SansaniTimes.in पोर्टल के संपादक के रूप में सक्रिय हैं।
✨ पहचान — बेबाक, तेज़ और सच को जनता तक पहुँचाने वाली पत्रकारिता।


