खैरागढ़ में नवविवाहिता की आत्महत्या का मामला: दहेज प्रताड़ना के आरोप में पति गिरफ्तार, भेजा गया जेल

addtext 08 25 09.18.44

खैरागढ़। नवविवाहिता की आत्महत्या के मामले में खैरागढ़ पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान अजय बघेल (30 वर्ष), पिता लखन बघेल, निवासी टेकापार खुर्द, थाना खैरागढ़, जिला केसीजी के रूप में हुई है।

शादी के कुछ महीने बाद शुरू हुई प्रताड़ना का आरोप

पुलिस के मुताबिक मृतिका का विवाह सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार 24 फरवरी 2025 को अजय बघेल के साथ हुआ था। विवाह के समय मृतिका के परिवार ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार उपहार सामग्री दी थी।

आरोप है कि शादी के करीब 2-3 महीने बाद पति द्वारा दहेज में मोटरसाइकिल नहीं देने और पर्याप्त नगद राशि नहीं मिलने की बात को लेकर मृतिका को प्रताड़ित किया जाने लगा। पुलिस जांच में उसके साथ मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, सगाई के समय मृतिका को दिए गए हाथ के आभूषण भी आरोपी द्वारा अपने पास रख लिए गए थे।

पढ़ाई जारी रखने को लेकर भी विवाद

बताया गया कि विवाह के समय मृतिका की पढ़ाई जारी रखने पर सहमति बनी थी, लेकिन बाद में आरोपी पति द्वारा उसे डी.एड. की पढ़ाई करने से मना किया गया। पुलिस के अनुसार इन परिस्थितियों के चलते मृतिका मानसिक रूप से परेशान रहती थी।

आग लगाकर दी जान

पुलिस के मुताबिक लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर मृतिका ने अपने घर के टॉयलेट में स्वयं पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसने के बाद उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद खैरागढ़ थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 324/2026, धारा 80 एवं 85 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

साक्ष्यों के आधार पर पति गिरफ्तार

विवेचना के दौरान पुलिस को मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी अजय बघेल को 24 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने का आदेश दिया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले में विवेचना अभी जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



Advertisement
Advertisement

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top