
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी – देश आज 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मना रहा है। इसी कड़ी में पांचवीं अनुसूची क्षेत्र मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के खड़गांव में डेमोक्रेटिक खदान श्रमिक संघ तब्बू बोरिया के कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। यहां संघ के पांच बुजुर्ग सदस्यों ने पूजा-अर्चना के बाद स्कूली बच्चों और सैकड़ों श्रमिकों की मौजूदगी में तिरंगा फहराया।
ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत हुआ। पूरा परिसर ‘भारत माता की जय’ और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर देश के महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया गया। महिला श्रमिकों और बच्चों ने भी समारोह में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
17 सौ से ज्यादा मजदूरों का संगठन, स्वतंत्रता दिवस पर उठी मजदूरों की आवाज
डेमोक्रेटिक खदान श्रमिक संघ तब्बू बोरिया से जुड़े 1700 से अधिक मजदूरों ने स्वतंत्रता दिवस पर सिर्फ तिरंगा ही नहीं फहराया, बल्कि अपने अधिकारों और समस्याओं की आवाज भी बुलंद की।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि 1947 में अंग्रेजों की गुलामी से देश आजाद हुआ, लेकिन मजदूर आज भी व्यवस्था की परेशानियों से जूझ रहे हैं। समय पर भुगतान नहीं होना, बेहतर मेडिकल सुविधा का अभाव और मजदूर की मृत्यु के बाद परिवार को मिलने वाली सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ता है।
‘हक के लिए धरना-प्रदर्शन क्यों करना पड़े?’
श्रमिक नेताओं ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब देश आजाद है तो अपने हक और सुविधाओं के लिए मजदूरों को बार-बार धरना, प्रदर्शन और हड़ताल क्यों करनी पड़ती है? उन्होंने व्यवस्था में सुधार की मांग करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार और गलत सिस्टम के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी।
श्रमिक पदाधिकारियों ने कहा कि सच्ची आजादी तभी मानी जाएगी, जब मजदूरों को उनका हक, सम्मान, समय पर भुगतान और बेहतर सुविधाएं बिना संघर्ष के मिलें।
बुजुर्गों के हाथों फहरा तिरंगा, बच्चों में दिखा देशभक्ति का जज्बा
समारोह की खास बात यह रही कि संघ के पांच बुजुर्ग सदस्यों ने पूजा-अर्चना के बाद ध्वजारोहण किया। उनके साथ स्कूली बच्चे और श्रमिक भी मौजूद रहे। तिरंगा फहराते ही पूरा माहौल देशभक्ति से सराबोर हो गया।
कार्यक्रम में संघ अध्यक्ष मोतीलाल हिरवानी, कार्यकारिणी अध्यक्ष नरेंद्र कुमार मंडावी, उपाध्यक्ष ओम शंकर, कोषाध्यक्ष अनिल कुमार कुरेटी, संगठन मंत्री बिरझू राम मंडावी, दुखु बोगा, सुमित सिन्हा, अनुज मंडावी, पुष्पक मंडावी, शिवबती, कुंवारों बाई, उतरा मंडावी, शांति सलामे, कांता उसेंडी, सड़दो गावड़े, सरोज बाई गावड़े, गणेशईया बाई गावड़े, ललिता बोगा सहित बड़ी संख्या में श्रमिक, महिला श्रमिक और स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।
तिरंगे की शान के साथ श्रमिकों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और देश की एकता-अखंडता के साथ मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई जारी रखने का संकल्प लिया।

🖋️ शशिकांत “सनसनी” देवांगन (शशि कुमार देवांगन)
👨👦 पिता: स्वर्गीय गिरधारी प्रसाद देवांगन
📍 पता: राजीव नगर, वार्ड नं. 42, बसंतपुर, राजनांदगांव, Chhattisgarh – 491441
📞 मोबाइल: 9406138940
📰 वर्ष 2010 से पत्रकारिता जगत में सक्रिय शशिकांत “सनसनी” देवांगन ने अपनी पहचान निर्भीक, निष्पक्ष और जनहित की पत्रकारिता से बनाई है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत समय दर्शन दैनिक अख़बार से राजनांदगांव जिला ब्यूरो चीफ के रूप में की। वर्ष 2012 में राजनांदगांव पत्रिका दैनिक से जुड़ने के बाद उन्हें “शशिकांत सनसनी” नाम से विशेष पहचान मिली।
🎙️ प्रिंट मीडिया के साथ-साथ उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में Swaraj Express, Lalluram.com, Anadi News, Sudarshan News, वंदे भारत न्यूज़ तथा AB News में स्पेशल रिपोर्टर और स्टेट हेड, Chhattisgarh के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाईं।
📺 वर्तमान में वे “सनसनी टाइम्स” YouTube चैनल एवं 🌐 SansaniTimes.in पोर्टल के संपादक के रूप में सक्रिय हैं।
✨ पहचान — बेबाक, तेज़ और सच को जनता तक पहुँचाने वाली पत्रकारिता।


