नाबालिगों के वाहन चलाने पर पुलिस की सख्त समझाइश, OTP-PIN साझा नहीं करने की दी हिदायत; महिला-बालिका सुरक्षा और नए कानूनों की भी दी जानकारी
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के औंधी क्षेत्र में पुलिस ने विद्यार्थियों को अपराध और नशे से दूर रखने के साथ-साथ साइबर ठगी से बचाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। डॉ. भीमराव अंबेडकर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, औंधी में आयोजित विशेष कार्यक्रम में करीब 530 छात्र-छात्राओं को यातायात नियम, नशामुक्ति, साइबर अपराध, महिला एवं बालिका सुरक्षा और नए आपराधिक कानूनों की जानकारी दी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह के दिशा-निर्देशन, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी मानपुर विनोद मिंज के मार्गदर्शन तथा थाना औंधी प्रभारी उप निरीक्षक नवल साव के नेतृत्व में यह कार्यक्रम सामुदायिक पुलिसिंग के तहत आयोजित किया गया।
🚦 नाबालिगों के वाहन चलाने पर पुलिस की दो टूक समझाइश
जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीर रहने की समझाइश दी गई। पुलिस ने विशेष रूप से कहा कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को दोपहिया या अन्य वाहन चलाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
पुलिस ने बताया कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे उनकी और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। विद्यार्थियों को हेलमेट पहनने, यातायात संकेतों का पालन करने और जिम्मेदारी से वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया गया।
नशे से दूर रहने का दिया संदेश
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों से नशे से पूरी तरह दूर रहने और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके खिलाफ जागरूक करने की अपील की गई।
पुलिस ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और जागरूक विद्यार्थी इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
साइबर ठगी से बचने के लिए विद्यार्थियों को किया अलर्ट
ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों को समझाया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, ATM PIN, UPI PIN, पासवर्ड या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें।
साथ ही अज्ञात लिंक पर क्लिक नहीं करने, अनजान एप डाउनलोड करने से बचने तथा सोशल मीडिया पर मिलने वाले संदिग्ध लिंक और आकर्षक ऑफर के झांसे में नहीं आने की सलाह दी गई।
महिला-बालिका सुरक्षा और नए कानूनों की भी जानकारी
कार्यक्रम में महिला एवं बालिका सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों के साथ नए आपराधिक कानूनों की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी गई। पुलिस ने कहा कि किसी भी तरह की छेड़छाड़, अपराध, अप्रिय घटना या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर बिना डर के तत्काल पुलिस को सूचना दें।
संदिग्ध गतिविधि दिखे तो पुलिस को दें सूचना
क्षेत्र में अपराधों की रोकथाम और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों से संदिग्ध व्यक्तियों अथवा उनकी गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई। इस दौरान पुलिस ने टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 की जानकारी भी साझा की।
‘जागरूक विद्यार्थी ही सुरक्षित समाज की नींव’
कार्यक्रम के अंत में थाना औंधी प्रभारी उप निरीक्षक नवल साव ने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक बनने और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी यातायात सुरक्षा, नशामुक्ति एवं साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जागरूक विद्यार्थी ही सुरक्षित समाज की मजबूत नींव हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य शेखू राम साहू, समस्त शिक्षकगण एवं थाना औंधी पुलिस स्टाफ मौजूद रहा। पुलिस के इस अभियान को विद्यार्थियों को अपराध और नशे से दूर रखने तथा उन्हें डिजिटल दौर के साइबर खतरों के प्रति सतर्क करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

🖋️ शशिकांत “सनसनी” देवांगन (शशि कुमार देवांगन)
👨👦 पिता: स्वर्गीय गिरधारी प्रसाद देवांगन
📍 पता: राजीव नगर, वार्ड नं. 42, बसंतपुर, राजनांदगांव, Chhattisgarh – 491441
📞 मोबाइल: 9406138940
📰 वर्ष 2010 से पत्रकारिता जगत में सक्रिय शशिकांत “सनसनी” देवांगन ने अपनी पहचान निर्भीक, निष्पक्ष और जनहित की पत्रकारिता से बनाई है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत समय दर्शन दैनिक अख़बार से राजनांदगांव जिला ब्यूरो चीफ के रूप में की। वर्ष 2012 में राजनांदगांव पत्रिका दैनिक से जुड़ने के बाद उन्हें “शशिकांत सनसनी” नाम से विशेष पहचान मिली।
🎙️ प्रिंट मीडिया के साथ-साथ उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में Swaraj Express, Lalluram.com, Anadi News, Sudarshan News, वंदे भारत न्यूज़ तथा AB News में स्पेशल रिपोर्टर और स्टेट हेड, Chhattisgarh के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाईं।
📺 वर्तमान में वे “सनसनी टाइम्स” YouTube चैनल एवं 🌐 SansaniTimes.in पोर्टल के संपादक के रूप में सक्रिय हैं।
✨ पहचान — बेबाक, तेज़ और सच को जनता तक पहुँचाने वाली पत्रकारिता।



