रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सरकारी मदिरा दुकानों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। खम्हारडीह थाना पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने सुपरवाइजर और सेल्समैन की नौकरी दिलाने के नाम पर युवकों से कुल 4 लाख 50 हजार रुपये वसूल लिए और बाद में फर्जी नियुक्ति पत्र भी सौंप दिए। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले के रहने वाले शिवधन सागर को सितंबर 2025 में मोबाइल पर शासकीय मदिरा दुकानों में भर्ती का एक संदेश प्राप्त हुआ। संदेश में दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर उसकी बातचीत योगेश साहू से हुई। आरोप है कि योगेश ने खुद को भर्ती प्रक्रिया से जुड़ा व्यक्ति बताते हुए रायपुर बुलाया और सरकारी शराब दुकानों में सुपरवाइजर एवं सेल्समैन की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया।
आरोप है कि नौकरी लगाने के एवज में प्रति व्यक्ति डेढ़ लाख रुपये की मांग की गई। सरकारी नौकरी की उम्मीद में शिवधन सागर और उसके साथियों ने अलग-अलग किस्तों में कुल 4 लाख 50 हजार रुपये आरोपियों को दे दिए।
रकम लेने के बाद आरोपियों ने पीड़ितों को कोरबा स्थित शासकीय विदेशी मदिरा दुकान के नाम से कथित नियुक्ति पत्र सौंप दिए। जब नियुक्ति पत्रों की जांच कराई गई तो वे फर्जी निकले। इसके बाद भी आरोपियों ने नौकरी दिलाने का आश्वासन देकर समय बिताया, लेकिन न नौकरी मिली और न ही रुपये वापस किए गए।
जांच में यह भी सामने आया कि दिलीप यादव नामक आरोपी ने खुद को एक निजी कंपनी का ऑपरेशन हेड बताकर पीड़ितों का भरोसा जीता और उनसे अतिरिक्त रकम भी वसूल ली। जब लंबे समय तक कोई नियुक्ति नहीं हुई तो पीड़ितों ने खम्हारडीह थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों योगेश साहू और दिलीप यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से पैसे लेने की बात स्वीकार की। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस ठगी का शिकार और कितने लोग हुए हैं तथा गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी भूमिका रही है या नहीं।
रायपुर पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि किसी भी सरकारी या निजी भर्ती प्रक्रिया में केवल अधिकृत माध्यमों पर ही भरोसा करें। नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को रुपये देने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति नौकरी के बदले पैसे की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।


🖋️ शशिकांत “सनसनी” देवांगन (शशि कुमार देवांगन)
👨👦 पिता: स्वर्गीय गिरधारी प्रसाद देवांगन
📍 पता: राजीव नगर, वार्ड नं. 42, बसंतपुर, राजनांदगांव, Chhattisgarh – 491441
📞 मोबाइल: 9406138940
📰 वर्ष 2010 से पत्रकारिता जगत में सक्रिय शशिकांत “सनसनी” देवांगन ने अपनी पहचान निर्भीक, निष्पक्ष और जनहित की पत्रकारिता से बनाई है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत समय दर्शन दैनिक अख़बार से राजनांदगांव जिला ब्यूरो चीफ के रूप में की। वर्ष 2012 में राजनांदगांव पत्रिका दैनिक से जुड़ने के बाद उन्हें “शशिकांत सनसनी” नाम से विशेष पहचान मिली।
🎙️ प्रिंट मीडिया के साथ-साथ उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में Swaraj Express, Lalluram.com, Anadi News, Sudarshan News, वंदे भारत न्यूज़ तथा AB News में स्पेशल रिपोर्टर और स्टेट हेड, Chhattisgarh के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाईं।
📺 वर्तमान में वे “सनसनी टाइम्स” YouTube चैनल एवं 🌐 SansaniTimes.in पोर्टल के संपादक के रूप में सक्रिय हैं।
✨ पहचान — बेबाक, तेज़ और सच को जनता तक पहुँचाने वाली पत्रकारिता।



