‘विजुअल पुलिसिंग’ से शहर में सुरक्षा का मजबूत एहसास, बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल उतरी रायगढ़ पुलिस

addtext 06 26 04.37.10

रायगढ़ | मोहित जटवार

रायगढ़ शहर में आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाया जा रहा ‘विजुअल पुलिसिंग’ अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में शहर के प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की दृश्यमान मौजूदगी बढ़ाकर कानून व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाया जा रहा है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में गुरुवार शाम थाना कोतवाली, थाना चक्रधरनगर एवं चौकी पूंजीपथरा की पुलिस टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर फुट पेट्रोलिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आम लोगों में विश्वास का माहौल मजबूत किया।

प्रमुख बाजारों में पैदल गश्त, संदिग्धों की जांच

थाना कोतवाली पुलिस ने एएसआई विलफ्रेड मसीह एवं महिला प्रधान आरक्षक राजश्री के नेतृत्व में रिजर्व लाइन के पुलिस बल के साथ हटरी बाजार, चांदनी चौक, शहर के प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं मॉल क्षेत्र में पैदल गश्त की। इस दौरान पुलिस ने केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड स्थित होटलों एवं लॉजों की सघन जांच की तथा बाहरी जिलों से आए संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन कर आवश्यक पूछताछ की।

वार्डों में पहुंची पुलिस, नागरिकों से किया संवाद

फुट पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस टीम इंदिरानगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में भी पहुंची, जहां स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था का फीडबैक लिया गया। पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील भी की।

चक्रधरनगर और पूंजीपथरा में भी रही सख्त निगरानी

थाना चक्रधरनगर पुलिस ने मुख्य मार्ग, कमला नेहरू पार्क के सामने तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर लगातार पेट्रोलिंग कर यातायात व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था पर कड़ी नजर बनाए रखी। वहीं चौकी पूंजीपथरा पुलिस ने साप्ताहिक बाजार में प्रभावी पुलिसिंग करते हुए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की तथा बाजार में आने वाले नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया।

अपराधियों में कानून का भय, जनता में सुरक्षा का विश्वास

रायगढ़ पुलिस का कहना है कि ‘विजुअल पुलिसिंग’ अभियान का मुख्य उद्देश्य पुलिस की सक्रिय और दृश्यमान मौजूदगी के माध्यम से आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना, अपराधों की रोकथाम करना तथा असामाजिक तत्वों में कानून का भय कायम रखना है। आने वाले दिनों में भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि,

“पुलिस की प्रभावी एवं निरंतर मौजूदगी ही अपराधों की रोकथाम का सबसे सशक्त माध्यम है। विजुअल पुलिसिंग के जरिए आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना और अपराधियों में कानून का भय कायम रखना हमारी प्राथमिकता है।”

उन्होंने कहा कि रायगढ़ पुलिस भविष्य में भी इसी तरह लगातार अभियान चलाकर शहर में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।

Advertisement
Advertisement

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top