रायपुर। अंडर-19 एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में भारतीय टीम के साथ स्वर्ण पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाले युवा हॉकी खिलाड़ी अवि मानिकपुरी का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सम्मान किया। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अवि को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सहित खेल जगत की कई प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहीं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अवि मानिकपुरी को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अवि की यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और उनकी सफलता अन्य खिलाड़ियों को भी खेलों में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
भारतीय टीम की स्वर्णिम सफलता में निभाई अहम भूमिका
भारतीय अंडर-19 हॉकी टीम के सदस्य के रूप में अवि मानिकपुरी ने एशिया कप में शानदार प्रदर्शन किया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान उनके खेल और समर्पण ने टीम की स्वर्णिम सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भारतीय टीम के स्वर्ण पदक जीतने के बाद छत्तीसगढ़ में भी खुशी और गर्व का माहौल है।
अवि की सफलता से युवाओं को मिलेगी प्रेरणा : अरुण साव
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि अवि मानिकपुरी ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और समर्पण के दम पर भारतीय टीम में स्थान बनाया और स्वर्ण पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि अवि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनकी सफलता खेलों के प्रति युवाओं का उत्साह बढ़ाने वाली है।
अरुण साव ने कहा कि हॉकी भारत का गौरवशाली खेल है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतना किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी उपलब्धि होती है। अवि ने यह साबित कर दिया है कि छत्तीसगढ़ की प्रतिभाएं राष्ट्रीय और वैश्विक मंच पर अपनी अलग पहचान बनाने में सक्षम हैं।
खेल जगत की हस्तियां रहीं मौजूद
सम्मान समारोह में छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया, छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी, महासचिव मनीष श्रीवास्तव, जिला हॉकी संघ बिलासपुर के अध्यक्ष रोहित बाजपेयी, सचिव रवि पारीक तथा अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे सहित खेल जगत की अनेक हस्तियां मौजूद रहीं।
छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण
अवि मानिकपुरी की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया है कि छत्तीसगढ़ के युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। अंडर-19 एशिया कप में स्वर्ण पदक जीतकर अवि ने न केवल भारतीय हॉकी को नई ऊंचाई दी है, बल्कि प्रदेश के युवाओं के लिए सफलता का नया उदाहरण भी प्रस्तुत किया है।





🖋️ शशिकांत “सनसनी” देवांगन (शशि कुमार देवांगन)
👨👦 पिता: स्वर्गीय गिरधारी प्रसाद देवांगन
📍 पता: राजीव नगर, वार्ड नं. 42, बसंतपुर, राजनांदगांव, Chhattisgarh – 491441
📞 मोबाइल: 9406138940
📰 वर्ष 2010 से पत्रकारिता जगत में सक्रिय शशिकांत “सनसनी” देवांगन ने अपनी पहचान निर्भीक, निष्पक्ष और जनहित की पत्रकारिता से बनाई है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत समय दर्शन दैनिक अख़बार से राजनांदगांव जिला ब्यूरो चीफ के रूप में की। वर्ष 2012 में राजनांदगांव पत्रिका दैनिक से जुड़ने के बाद उन्हें “शशिकांत सनसनी” नाम से विशेष पहचान मिली।
🎙️ प्रिंट मीडिया के साथ-साथ उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में Swaraj Express, Lalluram.com, Anadi News, Sudarshan News, वंदे भारत न्यूज़ तथा AB News में स्पेशल रिपोर्टर और स्टेट हेड, Chhattisgarh के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाईं।
📺 वर्तमान में वे “सनसनी टाइम्स” YouTube चैनल एवं 🌐 SansaniTimes.in पोर्टल के संपादक के रूप में सक्रिय हैं।
✨ पहचान — बेबाक, तेज़ और सच को जनता तक पहुँचाने वाली पत्रकारिता।



