दीवानझिटिया में सोलर प्लांट को लेकर बढ़ा विवाद, कार्रवाई नहीं होने पर भाजपा संगठन के खिलाफ फूटा गुस्सा
रायपुर/दीवानझिटिया।
ग्राम दीवानझिटिया में प्रस्तावित सोलर प्लांट को लेकर विवाद अब राजनीतिक रूप लेता नजर आ रहा है। गांव के सरपंच और सचिव पर फर्जी तरीके से एनओसी जारी करने का आरोप लगाते हुए 150 से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद प्रशासन और भाजपा संगठन दोनों ने मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे नाराज होकर कार्यकर्ताओं ने यह बड़ा कदम उठाया।
बुधवार को ग्राम दीवानझिटिया के करीब 40 कार्यकर्ता जिला भाजपा कार्यालय पहुंचे और सामूहिक इस्तीफा सौंपते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। बताया जा रहा है कि इस्तीफा देने वालों की कुल संख्या 150 से अधिक है।
फर्जी एनओसी देकर कराई गई पेड़ों की कटाई: ग्रामीण
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के पास स्थापित होने वाले सोलर प्लांट के लिए सरपंच और सचिव ने फर्जी तरीके से एनओसी जारी की। इसके बाद इलाके में बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई शुरू हो गई, जिससे पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस पूरे मामले की शिकायत प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं तक की गई थी। अधिकारी मौके पर जांच के लिए पहुंचे भी, लेकिन उसके बाद कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वे लगातार सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटते रहे, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। इससे आहत होकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने संगठन से सामूहिक इस्तीफा देने का निर्णय लिया।
भाजपा संगठन पर भी उठाए सवाल
इस्तीफा देने पहुंचे कार्यकर्ताओं ने भाजपा संगठन पर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि पार्टी एक तरफ पर्यावरण संरक्षण की बात करती है, जबकि दूसरी ओर गांव में अवैध पेड़ कटाई जैसे गंभीर मामले पर चुप्पी साध ली गई।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जाएगा।
इस्तीफा देने वालों में ये प्रमुख नाम शामिल
सामूहिक इस्तीफा देने वालों में कोमलराम, मुकेश कुमार, लक्ष्मीनारायण, डोवेंद्र साहू, रामकुमार, रेणुका बाई, माहेश्वरी बाई, गजराज कुमार, भारती साहू, चेतन यादव, मिलक कुमार, उमा सिन्हा, झमित, गीता बाई, मिथलेश, उमाशंकर यदु समेत कई अन्य भाजपा कार्यकर्ता शामिल हैं।



भाजपा जिला उपाध्यक्ष ने क्या कहा?
इस पूरे मामले पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष तरूण लहरवानी ने कहा कि दीवानझिटिया से आए कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्याएं लिखित रूप में संगठन को सौंपी हैं। संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के समक्ष उनकी बात रखी जाएगी और जल्द ही मामले का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की समस्याओं से संगठन पूरी तरह अवगत है और इसमें कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी निगाहें
गांव में सोलर प्लांट, फर्जी एनओसी और अवैध पेड़ कटाई को लेकर बढ़ते विवाद के बीच अब सभी की नजर प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई है। यदि जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो यह मामला आने वाले दिनों में बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन सकता है।

🖋️ शशिकांत “सनसनी” देवांगन (शशि कुमार देवांगन)
👨👦 पिता: स्वर्गीय गिरधारी प्रसाद देवांगन
📍 पता: राजीव नगर, वार्ड नं. 42, बसंतपुर, राजनांदगांव, Chhattisgarh – 491441
📞 मोबाइल: 9406138940
📰 वर्ष 2010 से पत्रकारिता जगत में सक्रिय शशिकांत “सनसनी” देवांगन ने अपनी पहचान निर्भीक, निष्पक्ष और जनहित की पत्रकारिता से बनाई है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत समय दर्शन दैनिक अख़बार से राजनांदगांव जिला ब्यूरो चीफ के रूप में की। वर्ष 2012 में राजनांदगांव पत्रिका दैनिक से जुड़ने के बाद उन्हें “शशिकांत सनसनी” नाम से विशेष पहचान मिली।
🎙️ प्रिंट मीडिया के साथ-साथ उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में Swaraj Express, Lalluram.com, Anadi News, Sudarshan News, वंदे भारत न्यूज़ तथा AB News में स्पेशल रिपोर्टर और स्टेट हेड, Chhattisgarh के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाईं।
📺 वर्तमान में वे “सनसनी टाइम्स” YouTube चैनल एवं 🌐 SansaniTimes.in पोर्टल के संपादक के रूप में सक्रिय हैं।
✨ पहचान — बेबाक, तेज़ और सच को जनता तक पहुँचाने वाली पत्रकारिता।



