शशिकांत सनसनी
दुर्ग | सन्सनी टाइम्स
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से शनिवार सुबह एक ऐसी दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जिसने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया। स्मृति नगर चौकी क्षेत्र स्थित STF कॉलोनी में एक महिला ने आरक्षक के घर में घुसकर उसकी पत्नी और 9 वर्षीय मासूम बेटे की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी, जबकि एक बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। इस हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई।

सुबह 8 बजे घर में घुसी महिला, बरपा कहर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरक्षक ललितेश यादव STF कॉलोनी में अपने परिवार के साथ निवास करते हैं। शनिवार सुबह करीब 8 बजे आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज उनके घर पहुंची। बताया जा रहा है कि महिला पहले से परिवार को जानती थी, इसलिए बिना किसी संदेह के घर के भीतर प्रवेश कर गई।
घर में घुसते ही आरोपी महिला ने अचानक चाकू निकालकर आरक्षक की पत्नी रानी यादव पर हमला कर दिया। इससे पहले कि परिवार कुछ समझ पाता, उसने 9 वर्षीय बेटे आदित्य यादव पर भी ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमला इतना तेज और अचानक था कि दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
घटना में रानी यादव और मासूम आदित्य की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
बेटी जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही
हमले के दौरान घर में मौजूद बेटी तानिया यादव को भी आरोपी महिला ने गंभीर रूप से घायल कर दिया। बच्ची के शरीर पर कई गहरे घाव बताए जा रहे हैं। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम लगातार इलाज में जुटी हुई है।
मासूम नैना की सूझबूझ ने बचाई जान
घटना के समय घर में एक अन्य बच्ची नैना यादव भी मौजूद थी। जैसे ही उसने चीख-पुकार और हमला देखा, उसने तुरंत खुद को बाथरूम में बंद कर लिया। उसकी इसी सूझबूझ ने उसकी जान बचा ली।
बाद में पड़ोसियों ने आवाजें सुनकर मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।
प्रेम प्रसंग की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में पुलिस को इस हत्याकांड के पीछे प्रेम प्रसंग और व्यक्तिगत विवाद की आशंका नजर आ रही है। सूत्रों के अनुसार आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज और आरक्षक ललितेश यादव के बीच कथित रूप से संबंध होने की बात सामने आ रही है।
बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले भी महिला घर पहुंची थी, जहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि उसी विवाद ने इस खूनी वारदात का रूप ले लिया।
हालांकि पुलिस अभी हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और आधिकारिक रूप से किसी एक कारण की पुष्टि नहीं की गई है।
आरोपी महिला गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही स्मृति नगर चौकी पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पूरे घर को सील कर जांच शुरू कर दी गई।
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज को हिरासत में ले लिया गया है। उससे लगातार पूछताछ की जा रही है और हत्या के पीछे की वास्तविक वजह जानने का प्रयास किया जा रहा है।
पूरे दुर्ग शहर में शोक और आक्रोश
इस निर्मम दोहरे हत्याकांड ने पूरे दुर्ग शहर को झकझोर कर रख दिया है। एक पुलिसकर्मी के परिवार के साथ हुई इस दर्दनाक घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और सामाजिक संबंधों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोग घटना से बेहद आक्रोशित हैं और आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस का कहना
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और आरोपी के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पूरा STF कॉलोनी क्षेत्र मातम और भय के माहौल में डूबा हुआ है।

🖋️ शशिकांत “सनसनी” देवांगन (शशि कुमार देवांगन)
👨👦 पिता: स्वर्गीय गिरधारी प्रसाद देवांगन
📍 पता: राजीव नगर, वार्ड नं. 42, बसंतपुर, राजनांदगांव, Chhattisgarh – 491441
📞 मोबाइल: 9406138940
📰 वर्ष 2010 से पत्रकारिता जगत में सक्रिय शशिकांत “सनसनी” देवांगन ने अपनी पहचान निर्भीक, निष्पक्ष और जनहित की पत्रकारिता से बनाई है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत समय दर्शन दैनिक अख़बार से राजनांदगांव जिला ब्यूरो चीफ के रूप में की। वर्ष 2012 में राजनांदगांव पत्रिका दैनिक से जुड़ने के बाद उन्हें “शशिकांत सनसनी” नाम से विशेष पहचान मिली।
🎙️ प्रिंट मीडिया के साथ-साथ उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में Swaraj Express, Lalluram.com, Anadi News, Sudarshan News, वंदे भारत न्यूज़ तथा AB News में स्पेशल रिपोर्टर और स्टेट हेड, Chhattisgarh के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाईं।
📺 वर्तमान में वे “सनसनी टाइम्स” YouTube चैनल एवं 🌐 SansaniTimes.in पोर्टल के संपादक के रूप में सक्रिय हैं।
✨ पहचान — बेबाक, तेज़ और सच को जनता तक पहुँचाने वाली पत्रकारिता।



