सम्मानपुर (नकटी) पुनर्वास: 60 पात्र परिवारों को नया रायपुर में बसाया गया, सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है – विधायक अनुज शर्मा

addtext 06 30 05.57.44

रायपुर। धरसींवा विकासखंड के ग्राम सम्मानपुर (नकटी) में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद जिला प्रशासन द्वारा पात्र विस्थापित परिवारों का पुनर्वास किया जा रहा है। प्रशासन के अनुसार अब तक 60 पात्र परिवारों का नया रायपुर के सेक्टर-30 स्थित आवासों में सफलतापूर्वक पुनर्वास कर दिया गया है। पुनर्वासित परिवारों को आवास के साथ बिजली, पेयजल और अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

विधायक अनुज शर्मा ने दिया भरोसा

धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि शासकीय भूमि से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई के दौरान किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विस्थापित परिवारों की पूरी चिंता कर रही है और उनके समुचित पुनर्वास एवं व्यवस्थापन के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इस विषय पर पहले भी सरपंच और स्थानीय ग्रामीणों से चर्चा की गई थी तथा सरकार अपने किए गए आश्वासन पर कायम है।

अफवाहों से बचने की अपील

विधायक अनुज शर्मा ने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की। उन्होंने कहा कि कुछ लोग गांव का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि सरकार पहले भी ग्रामीणों के साथ थी और आज भी उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

60 पात्र परिवारों का हुआ पुनर्वास

जिला प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार, पात्र 60 परिवारों को नया रायपुर के सेक्टर-30 स्थित आवासों में स्थानांतरित किया गया है। वहीं जिन मामलों में केवल बाउंड्रीवाल का निर्माण पाया गया और संबंधित परिवारों के गांव में पहले से मकान मौजूद थे, उन्हें निर्धारित नियमों के अनुसार पुनर्वास योजना का लाभ नहीं दिया गया।

पुनर्वास स्थल पर उपलब्ध कराई गईं सभी जरूरी सुविधाएं

प्रशासन ने बताया कि पुनर्वासित परिवारों को आवास के साथ बिजली, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करा दी गई हैं। इसके अलावा परिवारों के लिए भोजन की भी विशेष व्यवस्था की गई है।

प्रशासन के अनुसार सोमवार रात्रि भोजन उपलब्ध कराया गया, जबकि अगले दिन के लिए नाश्ता, दोपहर का भोजन और रात्रि भोजन की भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

स्वास्थ्य, परिवहन और पेयजल की भी व्यवस्था

जिला प्रशासन का कहना है कि पुनर्वास स्थल पर भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, परिवहन और अन्य आवश्यक सुविधाएं लगातार उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि विस्थापित परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

प्रशासन का दावा

जिला प्रशासन का कहना है कि पुनर्वास की पूरी प्रक्रिया शासन द्वारा निर्धारित नियमों और पात्रता के आधार पर की गई है। प्रशासन ने दावा किया है कि सभी पात्र परिवारों को आवश्यक सुविधाओं के साथ सुरक्षित स्थान पर बसाया गया है।

नोट: यह समाचार जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है। यदि इस मामले में अन्य पक्ष या प्रभावित लोगों का कोई बयान सामने आता है, तो Sansani Times उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित करेगा।

Advertisement
Advertisement

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top