बलरामपुर में न्यायालय परिसर बना अखाड़ा: सुनवाई के दौरान अधिवक्ता से विवाद के बाद दो पक्षों में खूनी संघर्ष, 18 लोगों पर मामला दर्ज

addtext 05 20 05.06.12

बलरामपुर/वाड्रफनगर तहसील परिसर। बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर तहसील न्यायालय परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सुनवाई के दौरान शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। न्यायालय कक्ष के भीतर अधिवक्ता और पक्षकारों के बीच कहासुनी के बाद दो गुट आमने-सामने आ गए और परिसर में जमकर मारपीट होने लगी। घटना के दौरान लाठी-डंडे, लात-घूंसे चलने से न्यायालय परिसर कुछ देर के लिए रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मामला न्यायालय में चल रही सुनवाई के दौरान शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि किसी मुद्दे को लेकर एक अधिवक्ता और दूसरे पक्ष के लोगों के बीच तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ता गया और दोनों पक्षों के समर्थक भी आमने-सामने आ गए। इसके बाद न्यायालय परिसर में खुलेआम मारपीट शुरू हो गई, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

घटना के दौरान न्यायालय परिसर में मौजूद आम नागरिक, पक्षकार और कर्मचारी भयभीत हो गए। अचानक हुई हिंसक झड़प के कारण कुछ समय तक न्यायालयीन कार्य भी प्रभावित रहा। परिसर में चीख-पुकार और भगदड़ जैसी स्थिति निर्मित हो गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार द्वारा तत्काल हस्तक्षेप किया गया। न्यायालय परिसर में शांति व्यवस्था भंग होने और कानून व्यवस्था प्रभावित होने को लेकर स्थानीय चौकी में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने 18 लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया है।

वाड्राफनगर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े वीडियो फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान जुटाए जा रहे हैं। मारपीट में शामिल अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। स्थानीय लोगों और अधिवक्ताओं का कहना है कि न्यायालय जैसे संवेदनशील परिसर में इस तरह की हिंसक घटना बेहद गंभीर है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की आवश्यकता है।

फिलहाल पूरे मामले को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल है और पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।

Advertisement
Advertisement

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top