⭕️ बालोद में रिश्तों का खून: शिकायत वापस लेने के कुछ घंटे बाद भाई ने बहन को उतारा मौत के घाट

addtext 05 16 11.35.11

देवरी थाना क्षेत्र के परसुली गांव की सनसनीखेज वारदात, सोते समय धारदार कैंची से किया हमला, इलाज के दौरान युवती की मौत

Sansani Times Desk | बालोद
Updated: 16 मई 2026


बालोद जिले के देवरी थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। परसुली गांव में एक भाई ने अपनी ही बहन की बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि मृतका ने घटना से कुछ घंटे पहले ही आरोपी भाई के खिलाफ थाना में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन समझाइश के बाद आवेदन वापस ले लिया गया था। इसके बावजूद आरोपी ने देर रात खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया।

जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 18 वर्षीय तनीषा सोनकर के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका भाई पोषण सोनकर है। दोनों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन भी विवाद बढ़ने पर युवती ने देवरी थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि बाद में परिवार और पुलिस की समझाइश पर मामला शांत करा दिया गया और शिकायत वापस ले ली गई।


देर रात सो रही बहन पर किया जानलेवा हमला

बताया जा रहा है कि शिकायत वापस लेने के बाद भी आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। देर रात जब तनीषा घर में सो रही थी, उसी दौरान पोषण सोनकर ने उस पर धारदार कैंची से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई और घर में चीख-पुकार मच गई।

घटना के बाद परिजन और ग्रामीण घायल युवती को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।


इलाज के दौरान तोड़ा दम

राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान तनीषा सोनकर की मौत हो गई। युवती की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम और आक्रोश का माहौल फैल गया। ग्रामीण इस घटना से स्तब्ध हैं।


पुलिस ने आरोपी भाई को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही देवरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी भाई पोषण सोनकर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है।


गांव में दहशत, लोगों में आक्रोश

इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। भाई-बहन जैसे पवित्र रिश्ते का इस तरह खून से लाल हो जाना लोगों को अंदर तक हिला गया है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।


Advertisement
Advertisement

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top